माघ मेले में खाक चौक पर सतुआ बाबा के शिविर में चल रहे कथा वाचक अनिरुद्धाचार्य की कथा के दौरान बुधवार की शाम पंडाल के बाहर खड़ी होकर कथा सुन रहीं चार महिलाओं के साथ महिलाओं के गैंग ने चेन झपट ली। पीड़ित महिलाओं को शक हुआ तो उन्होंने चेन खींचकर भाग रहीं दो महिलाओं को पकड़ लिया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिलाओं को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें झूंसी पुलिस को सौंप दिया गया। देर शाम तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।
माघ मेले में खौक चौक स्थित संतोषदास उर्फ सतुआ बाबा के शिविर में दो दिन से अनिरुद्धाचार्य की कथा चल रही है। बुधवार की शाम करीब चार बजे कथा सुनने के लिए पंडाल के भीतर और बाहर हजारों श्रद्धालु जुटे थे। जिन्हें पंडाल के भीतर जगह नहीं मिली वे बाहर खड़े होकर कथा सुन रहे थे। इन्हीं में से जानवी उपाध्याय निवासी रीवा मध्य प्रदेश, वंशिका केसरवानी निवासी नैनी, सीमा देवी निवासी फूलपुर समेत चार महिलाएं पंडाल के बाहर खड़ी होकर कथा सुन रही थी।
इसी दौरान चेन स्नेचर महिलाओं के एक गिरोह ने चारों महिलाओं की सोने की चेन खींच ली और भागने लगीं। तभी भुक्तभोगी महिलाओं को शक हुआ तो उन्होंने दो संदिग्ध महिला चेन स्नेचरों को दबोच लिया। गिरोह की अन्य महिलाएं मौके से भागने में सफल रहीं।
घटना की जानकारी के बाद माघ मेला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी महिलाओं को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें झूंसी पुलिस को सौंप दिया गया। भुक्तभोगी महिलाओं ने पुलिस को तहरीर दी है। देर शाम तक प्राथमिकी नहीं दर्ज की गई थी। एसओ झूंसी महेश मिश्र ने बताया कि माघ मेले की खाक चौक पुलिस मामले की जांच कर रही है। बाद में आगे की कार्रवाई की जाएगी।