शहर में तीन दिन के भीतर छिनैती की तीसरी वारदात
प्रयागराज। जार्जटाउन के अल्लापुर में रहने वाले दवा व्यापारी की मां माला देवी से बदमाश सरेशाम चेन छीनकर भाग निकले। देर रात तक पुलिस जांच पड़ताल में जुटी रही लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला।
बाघंबरी गद्दी के पास रहने वाले दीपक दवा व्यवसायी हैं। उनकी दुकान लीडर रोड पर स्थित है। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम छह बजे के करीब उनकी मां माला देवी किसी काम से घर से निकलीं। अभी वह कुछ दूर ही गई थीं कि बाइक से पहुंचे दो बदमाश उनके गले से चेन छीनकर भाग निकले। जिससे वहां हड़कंप मच गया। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुटे और फिर घरवाले भी आ गए। सूचना पर जार्जटाउन पुलिस पहुंची लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। दीपक ने बताया कि अल्लापुर में आए दिन छिनैती की वारदातें हो रही हैं। आधा दर्जन से ज्यादा घटनाएं बाघंबरी रोड पर हाल के दिनों में हो चुकी हैं। इसके बावजूद पुलिस इन घटनाओें पर लगाम लगा पाने में नाकाम है। बता दें कि शहर में तीन दिन के भीतर छिनैती की यह तीसरी वारदात है। इससे पहले 14 नवंबर को दो वारदातें सामने आई थीं। शिवकुटी में दारागंज निवासी आराधना शुक्ला से चेन व मेडिकल चौराहे के पास अल्लापुर निवासी छात्रा प्रियंका से बदमाश मोबाइल छीनकर भाग निकले थे।