कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा-2016 में एक से अधिक आवेदन करके परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को एसएससी की परीक्षाओं से तीन वर्ष के लिए डिबार करने का फैसला किया है। आयोग ने सीजीएल-2016 की परीक्षा के लिए मांगे गए आवेदन में एक से अधिक फार्म भरने वाले अभ्यर्थियों को अपनी गलती सुधारने का मौका दिया है। अभ्यर्थियों को कहा गया है कि वह अपनी ओर से आयोग के रीजनल कार्यालय में लिखित सूचना दें कि उन्होंने एक से अधिक आवेदन किया है। इसके बाद अभ्यर्थी द्वारा बताए गए रीजनल कार्यालय के आवेदन को निरस्त कर दिया जाएगा।
एक से अधिक आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की ओर से सूचना नहीं देने की स्थिति में उसका अंतिम आवेदन छोड़कर सभी निरस्त कर दिए जाएंगे। आयोग ने एक से अधिक आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों से अपना पक्ष रखने को कहा है। आयोग ने अभ्यर्थियों से रजिस्ट्रेशन नंबर, नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्म तिथि, आवेदन करने की तिथि सहित पूरी सूचना मांगी है। एसएससी के अवर सचिव की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि यदि किसी गलती के कारण अभ्यर्थी के एक से अधिक रीजन से आवेदन स्वीकृत हो गए और वह एक से अधिक रीजन में परीक्षा में शामिल हो गया तो पकड़े जाने पर अभ्यर्थी का अभ्यर्थन निरस्त करने के साथ एसएससी तीन वर्ष के लिए परीक्षा से डिबार कर देगा।