विश्व रक्तदाता दिवस पर बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन की पहल का असर दिखा। बेली, एएमए ब्लड बैंक में रक्तदान करने आए लोगों में सभी आयु व वर्ग के लोग शामिल रहे। युवाओं की भागीदारी सबसे अधिक रही। शिक्षक, शिक्षक नेता, छात्र-छात्राओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साह के साथ शिविर में भागीदारी की। पहली बार रक्तदान करने वालों में गजब का उत्साह रहा। इसका परिणाम रहा कि संगमनगरी में रक्तदान का नया कीर्तिमान बना।
यह पहला मौका रहा जब रक्तदान के लिए आए लोगों में कई लोग महादान में शामिल नहीं हो सके। किसी का हीमोग्लोबिन कम रहा तो कोई उच्च रक्तचाप से पीड़ित मिला। कई रक्तदान करने आए लोगों को जांच के दौरान पता चला कि उनका शूगर स्तर बढ़ा है। चिकित्सकों ने उन्हें संयमित दिनचर्या अपनाने की सलाह देकर कहा कि यह सब सामान्य किया जा सकता है। खानपान और अनियमित जीवन शैली से बचेंगे तो अगली बार रक्तदान कर महादानी बन सकते हैं।
बेली अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदानियों के उत्साह से उत्सव जैसा माहौल रहा। मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा ने अमर उजाला फाउंडेशन के रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि खून की कमी से लोगों का जीवन बचाने के लिए रक्तदान का यह पुण्य कार्य सराहनीय है। उन्होंने कहाकि लोग भ्रांतियां दूर कर जागरूक होकर खुद पहल करें तो गंभीर मरीजों की खून की कमी से होने वाली मौत की दर कम की जा सकती है। दोपहर बाद बल्ड बैंक पहुंची महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने कई रक्तदाताओं को सम्मानित किया। इस मौके पर ब्लड बैंक प्रभारी डॉ नीता साहू ने अतिथियों का स्वागत किया। बेली की सीएमएस डॉ. नीति श्रीवास्तव, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस ठाकुर, परामर्शदाता अजय मिश्रा, फार्मासिस्ट हेमंत शुक्ला आदि भी कार्यक्रम में शामिल रहे।
एएमए ब्लड बैंक में अमर उजाला फाउंडेशन के रक्तदान शिविर का उद्घाटन महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी और एएमए अध्यक्ष डॉ, आलोक मिश्रा ने किया। इस मौके पर महापौर ने कहा कि रक्तदान महादान है। इसमें पुण्य कार्य में हर किसी को सहभागिता कर गंभीर मरीजों की जान बचाने की पहल करनी चाहिए। उन्होंने अमर उजाला के इस प्रयास को सराहा। डॉ. आलोक मिश्रा ने रक्तदान शिविर के उद्घाटन मौके पर कहा कि लोगों में रक्तदान के बारे में भ्रांतियों को दूर कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान से कमजोरी नहीं आती बल्कि शरीर को नई ऊर्जा मिलती है। यह नेक आयोजन समय समय पर होना चाहिए। एएमए का इसमें पूरा सहयोग रहेगा। अतिथियों ने रक्तदाताओं का हौसला भी बढ़ाया। कार्यक्रम में ब्लड बैंक के चैयरमैन डॉ. अशोक अग्रवाल, डॉ. त्रिभुवन सिंह, डॉ. अनिल अग्रवाल, डॉ. एसके चड्ढा, डॉ. ज्योति कला भारती और ज्ञानेंद्र प्रधान का सहयोग रहा।
सेना और अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को आयोजित रक्तदान शिविर में जवानों ने भी बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। जवानों ने दो अलग-अलग पॉली क्लीनिक पर आयोजित शिविरों में कुल 59 यूनिट रक्तदान किया। दोनों शिविरों में सुबह 10 बजे से शुरू रक्तदान शाम चार बजे तक चला।
सेना का पहला शिविर फील्ड यूनिट 304 की ओर से ओल्डकैंट स्थित थापर पॉली क्लीनिक में लगाया गया। यहां जवानों ने कुल 37 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में कैप्टन आरएस तिवारी एवं कैप्टन शालिनी तिवारी(पति-पत्नी), मेजर विकास गुप्ता, मेजर महेंद्र तिवारी, मेजर संदीप, नेफ्टिनेंट कर्नल श्रीकांत राय, इंजीनियर विजित, नायक लखन, नायक सुनील, नायक विशाल, नायक एके रॉय एवं उनकी पत्नी प्रिया, हवलदार एके सेट्ठी, जागरूप सिंह आदि दानियों ने रक्तदान किया। इस मौकेपर कर्नल आरके श्रीवास्तव, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. रवि रानी मिश्रा, डॉ. मनोज बिंद, विनोद, जीके सिंह, अनिल कुमार तिवारी, अनुराग सिंह, राजेश, जावेद, संतोष, प्रदीप समेत बड़ी संख्या सेना के अधिकारी मौजूद रहे।
दूसरा रक्तदान शिविर फील्ड यूनिट 404 की ओर से अश्वनी पॉली क्लीनिक पर लगाया गया। यहां भी शिविर 10 बजे से शुरू हुआ। जवानों ने कुल 22 यूनिट रक्तदान किया। कर्नल संगीता, कैप्टन पीकेतिवारी, सूबेदार बुआड़ समेत बड़ी संख्या में सेना के अफसर मौजूद रहे।