वर्ल्ड टी-20 में भारत की आस्टेलिया पर जीत के बाद कोठापार्चा में अतिशबाजी कर जश्न मनाते किकेटप्रेमी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
टी-20 वर्ल्ड कप में रविवार को क्वाटर फाइनल मुकाबले में आस्ट्रेलिया को मात देने के बाद शहरियों ने देर रात जमकर जश्न मनाया। उत्साहित लोगों ने पटाखे फोड़े, मिठाइयां बांटी फिर एक-दूसरे को बधाई दी। इससे पहले लोगों ने ईश्वर से सेमीफाइनल में जीत की प्रार्थना भी की।
आस्ट्रेलिया के साथ हुए मैच का रोमांच शहरियों में तारी था। सुबह से ही इस मैच के परिणाम की चर्चा हर तरफ रही। चाय , मिठाई की दुकानों, होटल, ढाबों के साथ घरों-घरों में इसको लेकर तरह-तरह के दावे होते रहे। बहुतेरों ने हार-जीत पर दांव भी लगाए। शहर में सट्टे का बाजार भी गर्म रहा। आखिर रविवार को जीतकर इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचेगी या फिर उसे निराशा हाथ लगेगी, यह रोमांच देर रात तक रहा। फिर कोहली और धोनी ने मिलकर अंतिम पांच ओवरों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर मैच के साथ देशवासियों का दिल जीत लिया। अंतिम ओवर की पहली गेंद पर जैसे ही धोनी ने चौका जड़ा, लोगों में जीत की खुशी देखते बन रही थी। उत्साहित लोग घरों से बाहर निकल आए और जमकर जश्न मनाया।