डीएम संजय कुमार खत्री ने सभी गोशालाओं के निरीक्षण का आदेश दिया है। गोशालाआें में गड़बड़ी मिलने पर उन्होंने जिम्मेदार अफसरों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की। इसी क्रम में सीडीओ ने मंगलवार को होलागढ़ की तीन गोशालाओं का निरीक्षण किया। गोशाला में खामी मिलने तथा काम में लापरवाही पर डीपीआरओ ने राजापुर चौबारा के ग्राम पंचायत अधिकारी हरेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया।
गोशालाओं में अव्यवस्था की बाबत अमर उजाला के मंगलवार के अंक में प्रमुखता से खबर छपने के बाद मंगलवार को पूरा प्रशासनिक अमला सक्रिय रहा। इसी क्रम में डीएम संजय कुमार खत्री ने गोशालाओं की जांच का आदेश दिया है। उनका कहना है कि जांच कराई जा रही है। गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं सीडीओ शिपू गिरि ने राजापुर चौबारा के अलावा सांगीपुर तथा एक अन्य गोशाला निरीक्षण किया।
सीडीओ का कहना है कि गोशालाओं में गोवंश की संख्या ठीक पाई गई। चारा भी पर्याप्त रहा। गोशालाओं में नाली, बाउंड्री के निर्माण के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि राजापुर चौबारा के ग्राम सचिव के खिलाफ पूर्व में कई तरह की शिकायतें मिल चुकीं हैं। मंगलवार को निरीक्षण के दौरान भी वह अनुपस्थित रहे। इसी क्रम में डीपीआरओ आलोक कुमार ने सचिव को निलंबित किए जाने का आदेश जारी किया।