उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग में बुधवार को सुबह एक बार फिर से सीबीआई की टीम पहुंची। आयोग की अप्रैल 2012 से मार्च 2017 तक की भर्ती परीक्षाओं की जांच सीबीआई कर रही है। जांच में सुस्ती पर प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के अध्यक्ष अवनीश पांडेय ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। माना जा रहा है कि इसके बाद से जांच में तेजी आई है।
सीबीआई की टीम ने आयोग में समीक्षा अधिकारी-2013, पीसीएस जे-2013, लोवर-2013 भर्तियों से जुड़े दस्तावेजों की छानबीन की। कॉपियों को निकलवा कर देखने के साथ ही कंप्यूटर में दर्ज ब्योरे की भी गहराई से छानबीन की। जांच में सीबीआई को खामियां भी मिली हैं। ऐसे में चर्चा है कि सीबीआई की टीम इस मामले में अब कुछ चयनितों, आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों से जल्द पूछताछ कर सकती है।