राजू पाल हत्या की जांच को आई सीबीआई टीम शनिवार को चकिया स्थित अस्पताल पहुंची। राजू पाल पर हमले के दौरान तीन और लोगों को गोली लगी थी, इसमें दो को फौरी तौर पर चकिया स्थित अस्पताल ले जाया गया था। बाद में उन्हें एसआरएन हास्पिटल ले जाया गया। टीम उन सभी अस्पताल और निजी नर्सिंगहोम में गई, जहां पर घायलों का उपचार हुआ था। जांच में लगे अधिकारियों से जल्द ही पूछताछ शुरू की जाएगी।
25 जनवरी 2005 को राजू पाल पर जब हमला हुआ तो हमलावरों ने उनके काफिले में चल रही तीनों गाड़ियों पर गोलियां बरसाई थीं। राजू पाल के अलावा तीन और लोगों को गोली लगी थी। दो लोगों को तुरंत चकिया स्थित अस्पताल ले जाया गया था। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल भेजा गया था।
सीबीआई ने वहां जाकर पूरा ब्योरा लिया फिर एसआरएन अस्पताल से भी कागजात लिए गए। इस घटना के तीनों घायल बाद में निजी अस्पतालों में शिफ्ट हो गए थे। टीम वहां भी गई। अस्पतालों के दस्तावेज जुटाने के बाद सीबीआई टीम उन विवेचकों से पूछताछ करेगी जिन्होंने विवेचना की है। आज सीबीआई उन सभी अधिकारियों के नाम और तैनाती स्थल के बारे में जानकारी ली है। विवेचना अधिकारियों को जल्द तलब किया जाएगा। सीबीआई ने इस मामले में आरोपी बनाए गए लोगों के बारे में भी पूरी सूचना ले ली है। कौन जेल में कौन फरार है। सीबीआई टीम में शामिल सात लोग सर्किट हाउस में रुके हैं। इस मामले में पिछले दो दिनों में पूर्व विधायक पूजा पाल, उमेश पाल से भी ब्योरा तलब कर चुकी है। घटना की मैपिंग भी की जा चुकी है।