प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की फर्जी वेबसाइट बनाने के मामले में कर्नलगंज थाने में मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कराई गई। एफआईआर फर्जी वेबसाइट संचालित करने वाली सिमकॉम टेकभनोलॉजी पर दर्ज की गई है। कर्नलगंज पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रिपोर्ट चयन बोर्ड के उपसचिव नवल किशोर की तहरीर पर दर्ज की गई है। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया है कि चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट http://upsessb.org है। आरोप है कि www.upsessb.net एवं upssessb.org नाम से फर्जी वेबसाइट बनाकर कुछ लोग फर्जी नियुक्ति पत्र जारी करने के काम में लगे हुए हैं। जांच पड़ताल में पता चला कि उपरोक्त फर्जी वेबसाइट Simcom Technologies संगठन संचालित कर रहा है। आरोप है कि फर्जी वेबसाइट बनाकर सहायता प्राप्त स्कूलों की शिक्षक भर्ती में फर्जीवाड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है।
उपसचिव की ओर से मामले की शिकायत एसएसपी के साथ ही प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा, डीएम व कर्नलगंज थाना प्रभारी से की गई। एसएसपी के आदेश पर मामले की जांच साइबर सेल से कराई गई। जिसके बाद मंगलवार को उच्चाधिकारियों के आदेश पर सिमकॉम टेकभनोलॉजी पर मुकदमा दर्ज किया गया। कर्नलगंज इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। अभ्यर्थियों को कर दिया था आगाह
पुलिस को दी गई तहरीर में यह भी बताया गया है कि फर्जी वेबसाइट संचालित होने की जानकारी के बाद इस बारे में अभ्यर्थियों को आगाह कर दिया गया था। उन्हें बताया गया था कि अभ्यर्थी किसी भी सूचना के लिए वेबसाइट देखते वक्त बेहद सतर्क रहें। वह चयन बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट पर प्रसारित सूचना को ही सही मानें। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक को भी पत्र भेजा जा चुका है।