यमुना नदी में तैराकी सीखने के दौरान इंस्पेक्टर के बेटे अमन यादव के मौत के मामले में मुट्ठीगंज थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को एनसीसी हेड समेत पांच पर मुकदमा दर्ज किया है।
झूंसी छतनाग रोड नैका महीन निवासी पिता राम निरंजन यादव की शिकायत पर यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज (ईसीसी) के एनसीसी नेवी विंग के हेड डॉ. अजिन रे, ट्रेनर राजेश निषाद, ऋतिक निषाद, नितिन व अनुज पर केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि वह सुल्तानपुर में यातायात पुलिस में बतौर निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। बेटा अमन यादव ईसीसी बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र व एनसीसी नेवी विंग का कैडेट था।
विंग के हेड डॉ. अजिन रे हैं। तैराकी ट्रेनर राजेश निषाद, ऋतिक निषाद, नितिन और अनुज निवासी कीडगंज की देखरेख में गऊघाट पर यमुना नदी में पिछले 20 दिनों से वह सुबह में तैराकी सीख रहा था।
बुधवार सुबह करीब छह बजे वह गऊघाट स्थित प्रशिक्षण स्थल पर गया था। सुबह करीब 8:30 बजे उन्हें फोन पर पता चला कि बेटा यमुना नदी में डूब गया है। एसआरएन अस्पताल आ जाइए। उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां पर एनसीसी के काफी छात्र मौजूद थे। छात्रों ने बताया कि एनसीसी हेड डॉक्टर अजिन रे व तैराकी ट्रेनर ने प्रशिक्षण स्थल पर तैराक की कोई व्यवस्था नहीं की हैं। अमन को उन्होंने गहरे पानी में बुलाया, वह जा भी नहीं रहा था। इनके दबाव में वह गहरे पानी में गया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो लोगों ने तलाश शुरू की।
20 मिनट के बाद अमन को नदी से बाहर निकाल कर पीसीआर दिया गया। मौके पर कोई मेडिकल टीम भी नहीं थी। पिता का आरोप है कि विंग के हेड और ट्रेनरों की लापरवाही से बेटे की मौत हुई है। वहीं, मुट्ठीगंज थाना प्रभारी ने सुनील बाजपेयी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।