फूलपुर। जमीन की पैमाइश करने गांव पहुंची राजस्व टीम पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। जिससे वहां हड़कंप मच गया। राजस्व निरीक्षक ने प्रधान पति समेत 15 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया है।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के इफको पुलिस चौकी अंतर्गत चिरौड़ा गांव में रविवार दोपहर राजस्व निरीक्षक बाबूगंज राहुल गौरव राजस्व टीम के साथ गांव की मीरा कुमारी के जमीन की पैमाइश करने गए हुए थे। आरोप है कि इसी बीच गांव के प्रधान पति सहित करीब 20 लोग मौके पर पहुंचे और पत्थर नसब का विरोध करते हुए आरोप है कि राजस्व टीम पर पथराव कर दिया। यही नहीं वादिनी मीरा कुमारी का आरोप है कि आरोपियों द्वारा उसके साथ छेड़खानी भी की गई। बात बढ़ी तो ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले में राजस्व निरीक्षक बाबूगंज राहुल गौरव ने फूलपुर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस में प्रधान पति बृजेश चौरसिया, विंध्यवासिनी चौरसिया, आशीष चौरसिया, श्वेतांक, शशांक, अमित के खिलाफ नामजद व 9 अज्ञात समेत 15 लोगों के खिलाफ धारा 147, 504, 354, 353, 336, 332 एवं एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत करते हुए पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।