इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए सोमवार को आयोजित बीएससी की प्रवेश परीक्षा में 88.10, बीकॉम की परीक्षा में 83.40 और बीएससी होम साइंस की प्रवेश परीक्षा में 82.42 फीसदी अभ्यर्थी उपस्थित रहे। बीएससी की प्रवेश परीक्षा में गणित के सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाया तो बीकॉम की प्रवेश परीक्षा में अभ्यर्थियों को सामान्य ज्ञान (जीके) के सवाल कठिन लगे लेकिन विषय से आए सवालों ने राहत दी।
हालांकि बहुत से अभ्यर्थियों को बीएससी का पेपर संतुलित लगा। बिशप जॉनसन केंद्र में बीएससी की प्रवेश परीक्षा देने आए विवेक सिंह, हर्ष, राहुल और हर्ष का कहना था कि सवाल पाठ्यक्रम से ही पूछे गए थे और पेपर संतुलित था। वहीं, कुछ अभ्यर्थियों को गणित के सवाल कठिन लगे। बीएससी की प्रवेश परीक्षा में कुल तीन विषयों से 40-40 सवाल पूछे गए। फिजिक्स और केमेस्ट्री विषय सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य था जबकि मैथ्स और बायोलॉजी में अभ्यर्थियों को कोई एक विषय चुनना था। इसके अलावा सामान्य हिंदी या सामान्य अंग्रेजी में किसी एक विषय को चुनना था, जिससे 20 सवाल आए और सामान्य ज्ञान के 10 सवाल पूछे गए।
बीकॉम की प्रवेश परीक्षा में अभ्यर्थियों को हिंदी या अंग्रेजी में कोई एक विषय चुनना था। चुने गए विषय से 25 सवाल पूछे गए। इसके अलावा सामान्य ज्ञान के 25 सवाल हल करने पड़े। वहीं, बाकी के 100 सवाल कॉमर्स से संबंधित थे। अभ्यर्थियों को कॉमर्स के सवाल हल करने में ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। वहीं, बीएससी होमसाइंस की प्रवेशपरीक्षा में में अभ्यर्थियों को हिंदी या अंग्रेजी में कोई एक विषय चुनना था। चुने गए विषय से 25 सवाल हल करने थे। इसके अलावा सामान्य ज्ञान के 25 सवाल भी पूछे गए। बाकी के 100 सवाल संबंधित विषय यानी होम साइंस से संबंधित थे।
बीएससी की परीक्षा सुबह 9.30 से 11.30 बजे की शिफ्ट हुई। कुल 26599 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे, जिनमें से 22184 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 4415 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। उपस्थित रहे अभ्यर्थियों में 4010 ने ऑनलाइन और 18174 अभ्यर्थियों ने ऑफलाइन परीक्षा दी। वहीं, दोपहर दो से शाम चार बजे की पाली में हुई बीकॉम प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले 10245 अभ्यर्थियों में से 9026 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 1215 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। उपस्थिति अभ्यर्थियों में 935 ने ऑनलाइन और 8091 अभ्यर्थियों ने ऑफलाइन परीक्षा दी। बीएससी होमसाइंस की प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले 74 अभ्यर्थियों में से 61 उपस्थित रहे और 13 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
इविवि प्रशासन की ओर से एक दशक बाद विश्वविद्यालय परिसर में परीक्षा केंद्र बनाए गए। परीक्षा समिति के निदेशक प्रो. मनमोहन कृष्ण ने बताया कि बीएससी की प्रवेश परीक्षा के लिए इविवि में 2200 छात्राओं के लिए छह केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा शंातिपूर्वक संपन्न हुई। इसकी सफलता को देखते हुए भविष्य में इविवि परिसर में केंद्रों की संख्या बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।
इविवि एवं संघटक कॉलेज में प्रवेश के लिए बीए और बीएएलएलबी की प्रवेश परीक्षा 28 मई को आयोजित की जाएगी। बीए की प्रवेश परीक्षा सुबह की पाली 9.30 से 11.30 बजे तक होगी। परीक्षा के लिए 30876 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं, जिनमें 3953 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन एवं 26923 अभ्यर्थियों ने ऑफलाइन परीक्षा का विकल्प चुना है। परीक्षा के लिए प्रयागराज एवं अन्य शहरों में कुल 21 ऑनलाइन एवं 38 ऑफलाइन केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, दोपहर दो से शाम चार बजे की शिफ्ट में होने वाली बीएएलएलबी की प्रवेश परीक्षा के लिए 5355 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। इनमें 801 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन और 4554 अभ्यर्थियों ने ऑफलाइन परीक्षा का विकल्प चुना है। परीक्षा के लिए नौ ऑनलाइन और नौ ऑफलाइन केंद्र बनाए गए हैं।