इंस्टीट्यूट ऑफ बैकिंग पर्सनल सलेक्शन (आईबीपीएस) आरआरबी ऑफिसर स्केल-वन की मुख्य परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों ने रविवार को धूमनगंज के एक परीक्षा केंद्र में खूब शोरशराबा किया। आईबीपीएस की ओर से यहां ऑनलाइन परीक्षा कराई जा रही थी, लेकिन सर्वर के स्लो चलने की वजह से यहां परीक्षा निर्धारित समय से शुरू नहीं हो सकी। इसे लेकर अभ्यर्थियों ने खूब हंगामा किया। हंगामे की खबर धूमनगंज पुलिस को मिली तो वे मौके पर पहुंचे। इस बीच परीक्षा के ऑब्जर्वर ने आश्वस्त किया कि संबंधित केंद्र की परीक्षा निरस्त की जा रही है। इसके बाद ही अभ्यर्थी शांत हुए।
धूमनगंज के रम्मन का पुरवा स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कम्प्यूटर एजुकेशन में 220 अभ्यर्थियों की ऑनलाइन परीक्षा होनी थी। जबकि इलाहाबाद में इसके लिए कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा सुबह दस बजे से शुरू होनी थी, लेकिन सर्वर के स्लो चलने से परीक्षा रम्मन का पुरवा केंद्र में निर्धारित समय से शुरू नहीं हुई तो अभ्यर्थी भड़क गए। अभ्यर्थियों ने केंद्र व्यवस्थापक से बात की तो उन्होंने तकनीकी खराबी बताई। यह सुनते ही अभ्यर्थी भड़क गए। परीक्षा संचालन से जुड़े लोगों से तमाम अभ्यर्थी भिड़ गए। सूचना धूमनगंज पुलिस को मिली। पुलिस के आने के बाद ही अभ्यर्थी शांत हुए। इस दौरान राहुल केशरी, केशव कुमार, प्रिया कुमारी आशुतोष सिंह, राहुल सिंह, प्रत्यूष आदि अभ्यर्थियों की ओर से आईबीपीएस को संबोधित एक आवेदन परीक्षा के ऑब्जर्वर को सौंपा गया। हालांकि दोपहर बाद अभ्यर्थियों को भेजे गए ई-मेल के माध्यम से संबंधित केंद्र की परीक्षा निरस्त करने की सूचना दी गई।