नैनी/इलाहाबाद। प्रदेश सरकार की ओर से पॉलीथिन पर प्रतिबंध के लिए 22 दिसंबर को अधिसूचना और 21 जनवरी से पूरे प्रदेश में पॉलीथिन कैरीबैग के इस्तेमाल पर रोक लगाने का आदेश के बाद इसके खिलाफ बृहस्पतिवार को ही नगर निगम ने अब तक सबसे बड़ी कार्रवाई की। नैनी के चक रघुनाथ स्थित स्थित एक तहखाने में छापा मारा। यहां 11 क्विंटल प्रतिबंधित पॉलीथिन मिली। कार्रवाई के दौरान व्यापारी ने जबरदस्त विरोध किया। अफसरों को तहखाने में घुसने और बंद करने का भी प्रयास किया। साथ गई नैनी थाने की पुलिस ने बल प्रयोग किया। इसके बाद पॉलीथिन जब्त करने के साथ व्यापारी से 50 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। पूरी कार्रवाई में निगम ने 11 क्विंटल 20 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की।
नगर निगम के जोनल अधिकारी एस जुबैर, शहरी मिशन प्रबंधक राजकुमार द्विवेदी के नेतृत्व में नैनी थाने की पुलिस के साथ दस्ते ने नैनी बाजार से कार्रवाई शुरू की। नई बाजार, विनोवा नगर, एडीए मोड़, सब्जी मण्डी में एक दर्जन दुकानों से करीब 20 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त करने के साथ 55 सौ रुपये जुर्माना वसूला गया। इस बीच एकजुट हुए व्यापारियों ने पॉलीथिन फैक्ट्रियां बंद कराने की मांग को लेकर कार्रवाई का विरोध किया। साथ चल रही पुलिस बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा।
इस बीच अफसरों को सूचना मिली की चक रघुनाथ एडीए मोड़ स्थित स्टाकिस्ट संजीव गुप्ता ने तहखाना बना रखा है, जहां भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन रखी है। सूचना पर दस्ता मौके पर पहुंचा तो व्यापारी ने तहखाने का ताला खोलने से इंकार कर दिया। इस बीच अफसरों से धक्कामुक्की भी की। पुलिस के साथ अफसरों ने तहखाने में घुसने का प्रयास किया तो वहां जुटे व्यापारियों ने उन्हें बंद करने का प्रयास किया।
इस बीच इसकी सूचना नगर आयुक्त, सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर को दी गई। कुछ देर में वहां भारी संख्या में पुलिस पहुंच गई। इसके बाद तहखाने की तलाशी ली गई। वहां तीन कमरों में 11 क्विंटल प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद हुई। पॉलीथिन जब्त करने के साथ व्यापारी को नैनी थाने लाया गया। यहां उससे 50 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुश्रवण सहायक राम कुमार विश्वकर्मा, निगम के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक फूल चन्द्र पटेल शामिल थे।