इलाहाबाद। इटारसी-मुंबई रूट की एक लाइन पर रविवार की शाम ट्रेन का संचालन शुरू होने की संभावना है। जबकि दूसरी लाइन पर ट्रेन संचालन शुरू होने में अभी कम से कम दस दिन का वक्त लग सकता है। पश्चिम मध्य रेलवे के अफसरों का कहना है कि मौके पर ट्रैक मरम्मत का काम शुरू हो गया है। हालांकि अभी कामायनी और मुंबई जनता के दुर्घटनाग्रस्त कोच ट्रैक से हटाये नहीं जा सके हैं। रेलवे अफसरों का कहना है कि पहले अप लाइन को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि रविवार की शाम तक यहां पर ट्रेनों का संचालन सामान्य हो जाए।
बता दें कि पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) इटारसी रूट पर जून माह की 17 तारीख से ट्रेनों का संचालन गड़बड़ाया हुआ है। ऐसा इसलिए क्योंकि पहले इटारसी रेलवे स्टेशन के आरआरआई रूम में 17 जून को आग लग गई थी। इसे दुरुस्त करने में रेलवे को 34 दिन का वक्त लगा। इस अवधि में दो हजार से ज्यादा ट्रेनें निरस्त की गई। इससे रेलवे को करोड़ों रुपये का नुकसान भी हुआ। बीच में 22 जुलाई से चार अगस्त के बीच इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों का संचालन सामान्य हुआ ही थी कि चार अगस्त की रात भोपाल मंडल के हरदा-खंडवा सेक्शन स्थित खिरकिया और भिरंगी स्टेशन के मध्य कामायनी और मुंबई जनता एक्सप्रेस क्षतिग्रस्त हो गई।
बारिश के चलते यहां एक पुलिया और उसके आसपास की मिट्टी ढह गई। इससे कई मीटर इटारसी-मुंबई रूट पर अप एंड डाउन लाइन डैमेज हो गई। अब यहां मरम्मत का काम शुरू हो गया है। रेल प्रशासन सबसे पहले वहां पड़े कोचों को एक-एक करके हटा रहा है। पश्चिम मध्य रेलवे से जुड़े अफसरों का कहना है कि पहले अप लाइन को दुरुस्त किया जा रहा है। उम्मीद है कि रविवार की शाम तक अप लाइन क्लीयर कर ट्रेनों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। इसी लाइन पर दोनों ओर से ट्रेनों की आवाजाही शुरू होगी। जबकि डाउन लाइन की मरम्मत के काम में अभी 10 से 15 दिन का वक्त लग सकता है।
‘डब्ल्यूसीआर की ओर से मौके पर मरम्मत का काम जारी है। रविवार की शाम तक एक लाइन पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाने की उम्मीद है। इसी लाइन पर अप और डाउन लाइन की ट्रेनों का संचालन होगा। जबकि दूसरी लाइन भी दो सप्ताह के भीतर दुरुस्त कर ली जाएगी।’
पीयूष माथुर, सीपीआरओ, डब्ल्यूसीआर