माघ मेला में बजरंग दल काशी प्रांत के अधिवेशन में शनिवार को मांग की गई कि अयोध्या में भव्य मंदिर के निर्माण के लिए जल्द से जल्द कानून बनाया जाए। परेड ग्राउंड स्थित विश्व हिंदू परिषद के शिविर में आयोजित अधिवेशन में विहिप के यूपी एवं उत्तराखंड क्षेत्र के संगठन मंत्री अंबरीश ने यह मांग जोर शोर से की। इस दौरान उन्होंने बजरंग दल की स्थापना के उद्देश्य भी साझा किये।
कहा कि भगवान श्री राम के कार्य में जैसा सहयोग हनुमान जी ने किया वैसे ही विहिप द्वारा धर्म प्रसार, संस्कृति की रक्षा के लिए किये जा रहे कार्यों में बजरंग दल का सहयोग प्राप्त हो रहा है। आज धर्म विरोधी बजरंग दल के नाम से ही डरने लगे हैं। उन्होंने बताया कि बाबा अमरनाथ यात्रा, श्री राम जन्मभूमि आंदोलन आदि में बजरंग दल की अहम भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता नशा मुक्त, ध्येय के पक्के, सचरित्र एवं ईमानदार बने। अधिवेशन में प्रांत संगठन मंत्री मुकेश, प्रांत मंत्री विमल प्रकाश, विनोद अग्रवाल, महेश, राजन मिश्र, अमित पाठक, सुरेश अग्रवाल, बृजमोहन मिश्र, आनंद, बादल, अविनाश, अनुज, अश्वनी मिश्र आदि मौजूद रहे।