भीषण गर्मी, लू और मलमास ने व्यापार की कमर तोड़कर रख दी है। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा होने से लोगों की आवाजाही कम है। मंगलवार से शुरू हो रहे नवतपा ने व्यापारियों की चिंता को दोगुना कर दिया है जिससे आने वाले दिनों में कारोबार और भी खराब होने की आशंका है।
मई में सूर्यदेव के तल्ख तेवरों ने आम जनजीवन के साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी लगाम लगा दी है। जहां, मलमास के कारण शादियों एवं मांगलिक कार्यों पर रोक लगी हुई है, वहीं चिलचिलाती धूप ने व्यापार को भी ठप कर दिया है।
कपड़ा व्यापारी जव्वार अंसारी और मोहम्मद मुस्लिम का कहना है कि मलमास की वजह से लगन बंद हैं। ऊपर से इस जानलेवा धूप ने ग्राहकों को घरों में कैद कर दिया है। बर्तन व्यापारी सतीश केसरवानी और जितेंद्र कुमार ने बताया कि दोपहर में दुकान खोलकर बैठना भी दूभर हो गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स आरजू व सनी केसरवानी का कहना है कि हमें उम्मीद थी कि गर्मी में कूलर-पंखों की अच्छी बिक्री होगी लेकिन इस बार लू इतनी तेज है कि लोग दोपहर में मार्केट आने का जोखिम ही नहीं उठा रहे हैं।