कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने संयुक्त स्नातक स्तर परीक्षा (सीजीएल) 2020 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग की ओर से 6506 पदों के लिए आवेदन 29 दिसंबर 2020 से शुरू होकर 31 जनवरी 2021 तक लिए जाएंगे। एसएससी सीजीएल की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म करते हुए आयोग ने आधिकारिक नोटिफिकेशन मंगलवार को जारी कर दिया है। टियर-1 की कंप्यूटर आधारित परीक्षा 29 मई से सात जून 2021 के बीच होगी।
केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के लिए ग्रुप बी में गजटेड श्रेणी के 250 पद, ग्रुप बी में नॉन गजटेड श्रेणी के 3513 पद एवं ग्रुप सी के 2743 पदों कुल मिलाकर 6506 पदों पर भर्ती होगी।
सीजीएल 2020 की परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी को किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या उच्च शिक्षा संस्थान से किसी भी विषय में स्नातक या उसके समकक्ष की उपाधि होनी चाहिए।
एसएससी सीजीएल के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थियों के आयु की गणना एक जनवरी 2021 के आधार पर की जाएगी। आयोग की ओर से कुछ पदों के लिए आयु सीमा 30 वर्ष निर्धारित की गई है।
- ऑनलाइन आवेदन - 29 दिसंबर 2020 से शुरू
- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि- 31 जनवरी 2021
- ऑनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि दो फरवरी 2021
- चालान के माध्यम से शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि चार फरवरी 2021
- सीजीएल टियर-1 की कंप्यूटर आधारित परीक्षा 29 मई 2021 से 07 जून 2021 के बीच