मुट्ठीगंज के सत्तीचौरा चौराहे पर हुए हादसे में कालीन कारोबारी सुमित जायसवाल (35) की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायलावस्था में उसे पहले एसआरएन व फिर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उधर, धूमनगंज में ट्रक की टक्कर से नौवीं के छात्र मुदित (17) की जान चली गई। दोनों परिवारों में कोहराम है।
जार्जटाउन में सीवाई चिंतामणि रोड निवासी सुमित पुत्र रमेश जायसवाल मूल रूप से गोपीगंज, भदोही का रहने वाला था। चाचा विजय जायसवाल ने बताया कि वह उनके परिवार का कालीन का कारोबार है और सुमित भी इसमें हाथ बंटाता था।
बृहस्पतिवार शाम सुमित चौक गया था, जहां से रात नौ बजे के करीब वह बाइक पर सवार होकर लौट रहा था। अभी वह सत्तीचौरा चौराहे पर पहुंचा था कि अचानक गली से निकलकर सामने से आए तेज रफ्तार बुलेटसवार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे एसआरएन ले गई।
जहा, परिजन भी पहुंच गए। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे रात में ही सिविल लाइंस स्थित निजी अस्पताल ले गए। जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद देर शाम परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक की शादी दो साल पहले हुई थी और उसकी एक साल की बेटी है। वह दो भाइयों में छोटा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम है। उधर हादसे के बाद बुलेटसवार मौके से भाग निकला।
ममेरी बहन की शादी मेें जाते वक्त बना शिकार
प्रयागराज। धूमनगंज के बम्हरौली स्थित हैप्पी होम तिराहे पर बृहस्पतिवार रात हुए हादसे में नौवीं के छात्र मुदित (17) पुत्र राजेश कुमार की मौत हो गई। एयरफोर्स परिसर में रहने वाला मुदित अपनी ममेरी बहन अंजलि की शादी में शामिल होने गया था। पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम में फाइबर ग्लास खत्म हो गई थी। ऐसे में वह उसे लेने बम्हरौली आया था। यहां से एक बजे के करीब वह लौट रहा था तभी ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस गंभीर रूप से घायल हाल में उसे लेकर एसआरएन पहुंची जहां भोर में उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि ट्रक चालक का पता लगाया जा रहा है।