गणेश का नाम लेकर दी गई थी धमकी
कर्नलगंज थाना क्षेत्र के कटरा निवासी रवि प्रताप 31 दिसंबर 2023 की दोपहर तकरीबन सवा एक बजे झूंसी के संगम विहार में रहने वाले दोस्त इरफान के निर्माणाधीन घर पर आए थे। साथ में उत्पल सिंह,विनय सिंह और कृष्णा भी थे। तभी दो चार पहिया और कई बाइक से एक दर्जन लोग वहां पहुंचे। दबंगों ने झूंसी के भू माफिया गणेश यादव का नाम लेते हुए कहा कि बगैर पांच लाख रुपये दिए तुम निर्माण कार्य नहीं करा सकते हो। इसके बाद बात बढ़ी तो दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडा, रॉड और अवैध असलहों के साथ हमला कर दिया।
दबंगों में से एक युवक फिल्मी स्टाइल में दोनों हाथों में पिस्टल लेकर फायरिंग करता रहा। उसने तकरीबन दस राउंड फायरिंग किया था। इस दौरान रवि समेत अन्य लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। पूरे घटनाक्रम की वीडियो बना रहे इकबाल को पिस्टल सटाकर उसका मोबाइल भी लूट लिया गया था। हमले में रवि प्रताप के सिर में चोट आई थी। इस मामले में पुलिस ने मौके से पिस्टल के खोखे भी बरामद किए थे।
रिंकू पहलवान भी हो चुका है गिरफ्तार
रवि की तहरीर पर भू माफिया गणेश यादव उसके बेटे रवि यादव, कुलदीप यादव, रिंकू उर्फ आलोक कुमार यादव उर्फ पहलवान,शनि गिरि, रोहित यादव, अंशू यादव, राणा यादव, विशाल सिंह पटेल, मंजीत यादव, दीपक यादव व सचिन यादव नामजद के साथ ही सात-आठ अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास,रंगदारी, लूट समेत कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पूरे मामले में अब तक रिंकू पहलवान की ही गिरफ्तार हो सकी थी। इसी बीच शनिवार की दोपहर में झूंसी पुलिस ने मुख्य आरोपी भू माफिया गणेश यादव को थाने से कुछ मीटर की दूर पर जीटी रोड के किनारे स्थित मल्लू चाय के दुकान के पास से उसे गिरफ़्तार कर लिया।
गणेश पर 10 मुकदमे हैं दर्ज
हवेलिया झूंसी निवासी गणेश यादव पर 10 मुकदमे दर्ज हैं। 2020 में माफिया के खिलाफ कार्रवाई के दौरान उसके आलीशान मकान को भी बुलडोजर चलवाकर ढहा दिया गया था। गणेश यादव के 1500 वर्गगज में बने आलीशान तीन मंजिला मकान को पांच बुलडोजर लगाकर ढहा दिया गया था। गणेश पर झूंसी और सरायइनायत थाने में कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। गणेश परिवार के साथ हवेलिया स्थित तीन मंजिला मकान रह रहा था। मकान की कीमत तकरीबन डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है।
गणेश पर एके 47 से किया गया था जानलेवा हमला
14 साल पहले गणेश यादव पर एके 47 से जानलेवा हमला किया गया था जिसमें वह बाल-बाल बच गया था। सात जुलाई 2007 को गणेश झूंसी हाईवे पर स्थित अपनी मार्केट में बाल कटवा रहा था। तभी पूर्वांचल के शार्प शूटरों ने एके 47 से ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। हमले में गणेश यादव के भांजे की मौत हो गई थी। एक किशोर समेत दो गोली लगने से जख्मी भी हुए थे।