नैनी के फूलमंडी निवासी (75) भृगुनाथ वर्मा कीडगंज इलाके में घरों जाकर फूल बेचते थे। रोज की तरह ही बृहस्पतिवार को भी वह फूल लेकर कीडगंज के चौखंडी इलाके में पहुंचे। यहां पर सड़क के किनारे वह अपनी साइकिल से जा रहे थे।
कीडगंज थाना क्षेत्र के चौखंडी इलाके में बृहस्पतिवार की सुबह साइकल जा रहे एक बुजुर्ग भृगुनाथ वर्मा पर सड़क किनारे खड़े सांड ने हमला कर दिया। हमले के बाद बुजुर्ग सड़क पर गिर गए। इसके बाद सांड उनको रौंदता हुआ चला गया। घटना में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। पूरा घटनाक्रम एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। देखते ही देखते वीडियो वायरल होने लगा। जिसने भी इसको देखा वह हैरान रह गया। मौके पर पहुंची कीडगंज की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
नैनी के फूलमंडी निवासी (75) भृगुनाथ वर्मा कीडगंज इलाके में घरों में जाकर फूल बेचते थे। रोज की तरह ही बृहस्पतिवार को भी वह फूल लेकर कीडगंज के चौखंडी इलाके में पहुंचे। यहां पर सड़क के किनारे वह अपनी साइकिल से जा रहे थे। तभी एक सांड अचानक वहां खड़े लोगों की तरफ दौड़कर आने लगा। जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे, लेकिन भृगुनाथ अपनी साइकिल मोड़ने लगे। इसी बीच सांड ने उन पर हमला कर दिया और उनको अपनी सींघों से उठाकर सड़क पर पटक दिया।
इसके बाद सांड दोबारा उनको पैरों से कुचलते हुए चला गया। घटना के बाद स्थानीय लोग दौड़कर उनकी मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने भी उठने का प्रयास किया, लेकिन उठ नहीं सके और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उधर, घटना की जानकारी होते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भृगुनाथ के परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे शहर में इसको लेकर चर्चा होने लगी।