हरिसेनगंज-सरिया की दुकान से लोडिंग करता मजदूर
- फोटो : संगठन
महंगाई की मार अब रसोई से निकलकर घर की नींव तक पहुंच गई है। मकान निर्माण सामग्री के दाम बेतहाशा बढ़ने से मध्यम वर्ग के लिए अपना आशियाना बनाना सपना होता जा रहा है। पिछले एक महीने में सीमेंट, सरिया, गिट्टी और बालू से लेकर बिजली के वायरिंग तक के दाम 15 से 25 फीसदी बढ़ गए हैं, जिससे 1000 वर्ग फीट के मकान की लागत में ही करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का इजाफा हो गया है।
बिल्डिंग मेटेरियल के थोक व फुटकर विक्रेता असदुल्ला ने बताया कि दाम बढ़ने की मुख्य वजह ट्रांसपोर्ट भाड़ा और कंपनी रेट में बढ़ोतरी है। पहले जो सीमेंट 330 रुपये बोरी मिलती थी, अब 340 रुपये में मिल रही है। सरिया 4600 रुपये क्विंटल से बढ़कर 5600 रुपये क्विंटल हो गया है। 1000 फीट गिट्टी 50 हजार से बढ़कर 55 हजार में बिक रही है।
बालू 100 फीट का रेट 4500 से बढ़कर 5500 रुपये हो गया है। इतना ही नहीं, स्पॉटलाइट 15 से 20 रुपये, फैन बॉक्स 40 से 50 रुपये और वायरिंग पाइप 70 से 80 रुपये में 10 फीट मिल रही है। सबसे ज्यादा मार बिजली वायर पर पड़ी है, जो पहले 2500 रुपये बंडल थी, अब 4000 रुपये में मिल रही है।
4600 रुपये क्विंटल बिकने वाला सरिया अब 5600 रुपये पहुंच गया है। यानी 1000 रुपये प्रति क्विंटल की सीधी बढ़ोतरी। दुकानदारों का कहना है कि कंपनी ने दो बार में रेट बढ़ाया है। 1000 फीट गिट्टी पर 5000 रुपये और 100 फीट बालू पर 1000 रुपये बढ़ गए। ठेकेदारों के मुताबिक इससे फाउंडेशन की लागत ही 20 हजार बढ़ गई।
वायरिंग बनी सबसे महंगी
बिजली वायर के दाम ने सभी को पीछे छोड़ दिया। 2500 वाला बंडल 4000 रुपये। इसके अलावा सीलिंग फैन के दामों में भी 300 से 500 की बढ़ोतरी व वायरिंग में लगने वाले अन्य सामानों के दामों में भी 20 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। इलेक्ट्रिशियन के मुताबिक पूरे घर की वायरिंग में अब 15 से 20 हजार रुपये तक ज्यादा लग रहे हैं।