इलाहाबाद संग्रहालय में शुक्रवार को जुटे इतिहास और पुरातत्व के विद्वानों ने बुद्ध के जीवन से जुड़े अनेक ज्ञात-अज्ञात पहलुओं की चर्चा की। ‘70 इयर्स ऑफ बुद्धिस्ट फाइंडिंग्स ऐंड देयर इंटरप्रेटेशन’ विषयक दो दिनी राष्ट्रीय संगोष्ठी के पहले दिन वक्ताओं ने प्रामाणिकता के आधार पर बुद्ध से जुड़े संदर्भों की परत दर परत पड़ताल करते हुए इतिहास लेखन के लिए कई निष्कर्ष दिए।
बतौर अध्यक्ष प्रो.डीएन त्रिपाठी ने बुद्ध की तिथि पर हुए विमर्शों एवं खोजों की व्याख्या के आधार पर कहा कि पुरातात्विक, कलात्मक एवं वैचारिक चिन्तन के बाद भी हम बुद्ध की सर्वमान्य तिथि निर्धारित करने में सफल नहीं हो सके हैं। बीज वक्तव्य में प्रो.विदुला जायसवाल ने सारनाथ, राजघाट, अक्ता और कोटवां के पुरातात्विक उत्खनन से प्राप्त बौद्ध अवशेषों एवं कलाकृतियों के आधार पर व्यापार एवं वाणिज्य के केन्द्रों का उल्लेेख किया। सुप्रसिद्ध कलाविद् प्रो0 आरएन मिश्र ने बुकानन से लेकर वर्तमान में बौद्ध विषयों पर हुए शोध के आधार पर 70 वर्षों के दौरान देश-विदेश में बौद्ध धर्म एवं कला पर हुए कार्यों को रेखांकित किया।
प्रो विदुला जायसवाल की अध्यक्षता में हुए पहले अकादमिक सत्र में डॉ.प्रसन्ना दीक्षित ने उदयगिरि के चैत्य और गुफाओं के विकास एवं उत्खनन, प्रो.दुर्गा बसु ने तटीय बंगाल के ककंन डीघी के बौद्ध पुरास्थल की नवीन खोजों और डॉ. मुनमुन मंडल ने पश्चिम बंगाल के मुगल मणि के पूर्व पालकालीन मठों पर आलेख प्रस्तुत किया।
वहीं प्रो.मारुति नंदन की अध्यक्षता में हुए दूसरे सत्र में प्रो.यूसी चट्टोपाध्याय,डॉ. मधुलिका सांवत, डॉ. सुनील गुप्ता, तथा डॉ. एसएस. सिन्हा ने व्यापारिक संपर्क में पुरातात्विक उत्खननों, बौद्ध कलाकृतियाें के महत्व पर चर्चा की। आरंभ में निदेशक राजेश पुरोहित ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगोष्ठी के उद्देश्य एवं प्रासंगिकता की जानकारी दी। संचालन डॉ. राजेश मिश्र, संयोजन डॉ. वामन वानखेड़े, डॉ. संजू मिश्रा एवं आभार ज्ञापन डा.सुनील गुप्ता ने किया।