माह भर से सचिव बेसिक शिक्षा परिषद कार्यालय पर धरने पर बैठे बीटीसी प्रशिक्षु होली नहीं मनाएंगे। बीटीसी 2011 के लिए घोषित 15 हजार शिक्षकों के पदों को बढ़ाने की मांग को लेकर धरना होली के दिन भी जारी रहेगा। प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में 15 हजार बीटीसी प्रशिक्षुओं को भर्ती के लिए 2014 में घोषित पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर शिक्षा निदेशालय पर बीते 28 दिन से चल रहा क्रमिक अनशन रविवार को भी जारी रहा।
बीटीसी प्रशिक्षुओं का कहना है कि यदि सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानी तो वह होली नहीं मनाएंगे। उन्होंने होली के दौरान भी अनशन की धमकी दी है। बीटीसी प्रशिक्षुओं का कहना है कि सरकार ने 15 हजार शिक्षकों की भर्ती में बार-बार बदलाव तो किया, परंतु पदों की संख्या नहीं बढ़ाई। इन अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार नवसृजित 16448 खाली पदों को पुरानी भर्ती में जोड़कर पदों की भर्ती करे। इन अभ्यर्थियों ने 20 मार्च तक मांगें नहीं माने जाने पर सामूहिक आमरण अनशन की बात कही है।