फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब पिछड़ों के भी पीछे चली बसपा

Mon, 26 Dec 2016 01:05 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 17 पिछड़ी जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल कर ऐसा कार्ड खेला जिससे बसपा में खलबली मच गई है। पार्टी अब दलितों और पिछड़ों के बीच भाईचारे का नया समीकरण तैयार कर सत्ता तक पहुंचने का रास्ता तलाश रही है। अपना वोट बैंक बचाए रखने और पिछड़ों को साधने के लिए बसपा ने पिछड़ा वर्ग के लोगों को केंद्र में रखते हुए रविवार को केपी कॉलेज मैदान पर भाईचारा सम्मेलन का आयोजन किया। बसपाइयों ने सपा के साथ नोटबंदी के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार पर भी जमकर हमला बोला।
विज्ञापन


सम्मेलन के मुख्य अतिथि इलाहाबाद जोन के कोऑर्डिनेटर एवं राज्यसभा सांसद मुनकाद अली ने सभी जाति-धर्म के लोगों को साथ लेकर चलने की बात कही। उन्होंने संविधान में पिछड़ा वर्ग के लिए की गई आरक्षण की व्यवस्था को लागू कराने का श्रेय कांशीराम को दिया। साथ ही याद दिलाया कि कांशीराम ने ही पिछड़ा वर्ग के लोगों को टिकट देकर सत्ता में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की। अखिलेश सरकार द्वारा 17 पिछड़ी जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल किए जाने पर बोले कि यह सरकार का नाटक है। पिछड़ा वर्ग के लोग इनके झांसे में आने वाले नहीं हैं। कहा कि बसपा की सरकार में मायावती ने इन जातियों को कानूनी तौर पर अनुसूचित जाति का दर्जा दिए जाने की संस्तुति की थी। प्रदेश की जनता सब जानती है।

नोटबंदी पर कहा कि प्रधानमंत्री ने अधूरी तैयारियों के साथ नोटबंदी की, जिसकी वजह से गरीबों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण इलाकों की खेती पूरी तरह से चौपट हो गई है। कालाधन रखने वालों ने अपने नोट बदल लिए जबकि गरीब आदमी अपने सफेद पैसे को लेकर दिनभर लाइनों में लग रहा है। अध्यक्षता कर रही पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशरी देवी पटेल ने सपा और भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों पार्टियों ने पिछड़ा वर्ग के लोगों के लिए कुछ नहीं किया। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मंत्रिमंडल में यूपी से पिछड़ा वर्ग का कोई सांसद कैबिनेट मंत्री नहीं है। उन्होंने सपा के लोकार्पण एवं शिलान्यास के कार्यक्रम को चुनावी स्टंट बताया। विधायक दीपक पटेल ने कहा कि प्रदेश में लूट मची है। बसपा ही लोगों को इससे मुक्ति दिला सकती है। सम्मेलन में जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र कुरील, विधायक पूजा पाल, विधायक राजबली जैसल, प्रत्याशी एसकेे मिश्र, मो. मसरूर, अशोक गौतम, गीता पासी, हाजी माशूक खान, मंडल कोआर्डिनेटर रणजीत सोनकर, दिनेश सिंह, अवधेश सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन पूर्व विधायक गुरु प्रसाद मौर्या ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें