बीएसएनएल के प्रयागराज और कौशाम्बी के उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। बीएसएनएल की ओर से इन दोनों शहरों में जल्द 4जी नेटवर्क की सेवा शुरू होने वाली है। विभाग के अधिकारियों ने दावा किया है कि प्रयागराज और कौशाम्बी में अब तक कुल 47 बीटीएस (बेस ट्रांसीवर स्टेशन) स्थापित कर दिए गए हैं। इन बीटीएस से 4जी का नेटवर्क जल्द ही शहरी क्षेत्रों में रोलआउट कर दिया जाएगा।
विभाग के जनसंपर्क अधिकारी आशीष गुप्ता ने जानकारी दी कि प्रयागराज में अब तक 39 और कौशाम्बी में आठ बीटीएस स्थापित हो चुके हैं। इनके माध्यम से 4जी सेवाओं का भी जल्द संचालन शुरू किया जाएगा। इससे बीएसएनएल के उपभोक्ताओं को उच्च गति वाली इंटरनेट की सेवा मिलेगी। साथ ही कॉल क्वालिटी में भी बड़े स्तर पर सुधार होगा। इसके अलावा 4जी के नेटवर्क से बीएसएनएल के उपभोक्ता भी हाई-डेफिनिशन वीडियो कॉलिंग, तेज डाटा डाउनलोडिंग और अन्य डेटा-इंटेंसिव सेवाओं का अनुभव ले सकेंगे।
जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि 47 बीटीएस से 4जी सेवा की शुरुआत होने वाली है। विभाग का लक्ष्य है कि पूरे क्षेत्र में 4जी नेटवर्क को फैलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सेवा का लाभ उठा सकें। 4जी नेटवर्क का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को अपनी 2जी व 3जी सिम को 4जी में अपग्रेड कराना होगा। सिम अपग्रेड बीएसएनएल के किसी भी रिटेलर या बीएसएनएल ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) पर निःशुल्क कराया जा सकता है।
साथ ही जनसंपर्क अधिकारी ने विभाग की ओर से पेश किए गए नए स्पेशल प्लान के बारे में भी जानकारी दी। यह प्लान साप्ताहिक स्पेशल टैरिफ वाउचर एसटीवी-58, एसटीवी-59, एसटीवी-153 और एसटीवी-499 का है। विभाग के ऐप या वेबसाइट पर प्लान की वैधता और फायदे की जानकारी ली जा सकती है।