फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहनें बांधेंगी भाइयों की  कलाई पर नेह का बंधन

Thu, 18 Aug 2016 01:43 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
allahabad
विज्ञापन
इलाहाबाद। भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन श्रावण शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा। बहनें, भाइयों की कलाई पर राखी बांधेगी और भाई उन्हें उपहार देंगे। पुरोहित भी अपने यजमानों को रक्षासूत्र बांधेंगे। पर्व के मद्देनजर बुधवार को शहर में राखी की दुकानों पर भीड़ दिखी। कई दिनों से जिन बहनों को अपने भाइयों के लिए कोई राखी नहीं जंच रही थी, उन्होंने बुधवार को मनपसंद राखी तलाश ली। वैसे बाजार में सबसे ज्यादा मांग तरह-तरह के धागों पर रही। बड़ों ही नहीं बच्चों के लिए भी खूबसूरत धागे तलाशे गए। 
विज्ञापन

त्योहार के लिए अधिकतर लोगों ने पूर्व संध्या पर ही दही और मिठाइयां खरीदीं ताकि ऐन पर्व पर भीड़ से बचा जा सके। मीरापुर, कीडगंज, सुलेमसराय, कटरा, अल्लापुर, दारागंज, तेलियरगंज आदि मोहल्लों में मिठाइयों की दुकानें खूब आगे बढ़ाकर सजाई गई थीं। हालांकि दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश ने थोड़े समय के लिए व्यवधान डाला लेकिन बारिश थमने पर लोग घरों से बाहर निकले और जरूरत की चीजें खरीदीं।

दिन में तीन बजे तक बांधें राखी
बीते कई बार से जहां भद्रा से रक्षापर्व पर व्यवधान आता रहा है, वहीं अबकी भद्रामुक्त मुहूर्त में बहनें सूर्योदय से लेकर दिन में तीन बजे तक भाइयों की कलाई पर राखी बांध सकेंगी। अखिल भारतीय ज्योतिष परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री अविनाश राय के मुताबिक वैसे तो सर्वोत्तम मुहूर्त दोपहर 11:30 से 12:30 बजे का है लेकिन पूर्णिमा तिथि बुधवार को दोपहर तीन बजे से आरंभ होकर बृहस्पतिवार को तीन बजे तक रहेगी। ऐसे में दोपहर तीन बजे तक ही राखी बांधी जा सकेगी। 
विज्ञापन


गंगा-यमुना के तटों पर पंचगव्य स्नान
बृहस्पतिवार को श्रावणी उपाकर्म पर ब्राह्मण समाज के लोग गंगा तट पर पंचगव्य (गौ दुग्ध, दही, घी, गौ मूत्र, गोबर) से स्नान कर विधिविधान से सप्त ऋषियों का पूजन अर्चन करके नया अभिमंत्रित जनेऊ धारण करेंगे। मनकामेश्वर मंदिर के व्यवस्थापक स्वामी श्रीधरानंद ब्रह्मचारी के नेतृत्व में सुबह आठ बजे सनातनी यमुना स्नान के बाद सप्त ऋषियों का पूजन अर्चन करेंगे। अलोपीबाग स्थित शंकराचार्य आश्रम में आचार्य छोटे लाल मिश्र के नेतृत्व में आचार्य एवं विद्यार्थी रामघाट पर पंचगव्य स्नान कर श्रावणी उपाकर्म पूरे करेंगे। 
अखिल भारतीय सनातन ब्राह्मण समाज एवं प्राचीन हनुमत वैदिक पाठशाला की ओर से रामघाट पर सुबह आठ बजे आचार्य किशोर पाठ के आचार्यत्व में श्रावणी उपाकर्म महोत्सव मनाया जाएगा। महामंत्री मुकेश पाठक ने अधिक से अधिक लोगों से आत्मशुद्धि के अनुष्ठान में शामिल होने को कहा है। अखिल भारतीय तीर्थपुरोहित महासभा की ओर से नागवासुकि मंदिर पर श्रावणी उपाकर्म महोत्सव मनाया जाएगा। आर्य समाज मुंडेरा की ओर से श्रावणी उपाकर्म के तहत दोपहर बारह बजे तक वैदिक यज्ञ, प्रवचन सामूहिक यज्ञोपवीत आदि आयोजन होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें