फूलपुर के सराय हरीराम गांव में 30 दिन से सड़क किनारे टूटकर गिरा विद्युत खंभा।
भीषण गर्मी के बीच सराय हरीराम गांव में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। 13 मई को आई आंधी में टूटा बिजली का खंभा और क्षतिग्रस्त तार आज तक नहीं बदले जा सके हैं जिससे पेयजल पंप हाउस बंद पड़ा है। ऐसे में करीब 13,500 आबादी पिछले एक महीने से पानी की समस्या से जूझ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि चकिया बस्ती, दुबे का पूरा, मितईपुर, चौहान बस्ती, भारतीय बस्ती और यादव बस्ती समेत कई मोहल्लों में पानी की आपूर्ति ठप है। वहीं, जल निगम के जूनियर इंजीनियर ने बताया कि बिजली विभाग को करीब 25 दिन पहले लिखित रूप से शिकायती पत्र भेजा गया था। इसके बावजूद टूटे खंभे और क्षतिग्रस्त बिजली तारों को नहीं बदला गया है, जिससे पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।
ग्राम प्रधान विजय कुमार यादव ने बताया कि उन्होंने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है, लेकिन बिजली विभाग पूरी तरह से लापरवाह बना हुआ है। एसडीओ अमन सिंह ने बताया कि शीघ्र ही नया खंभा लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।