कुंभ के मौके पर शहर में प्लास्टिक की खाली बोतलें कहीं फेंकने की जरूरत नहीं है। नगर निगम ने प्लास्टिक कचरे के बदले एक प्याली गरमागरम चाय मुफ्त देने की अनूठी पहल शुरू की है। सफाई और प्लास्टिक कचरा निस्तारण के लिए नगर निगम ने अनूठी पहल ‘टी फार क्रैश’ शुरू की है। इसका लाभ शहरियों के साथ श्रद्धालुओं को भी मिलेगा। फिलहाल प्रयोग के तौर पर यह मशीन सिविल लाइंस बस अड्डे पर लगाई गई है। कुंभ के दौरान भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में दस मशीन लगाने की योजना है।
स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत शहर को साफ सुथरा रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी के तहत नगर निगम ने सिविल लाइंस बस अड्डे पर एक ‘टी वेंडिंग मशीन’ शुक्रवार को लगाई गई। इसके लिए मशीन में पानी की सिर्फ तीन खाली बोतलें ही डालनी होंगी। इधर बोतलें डालीं, उधर एक प्याली मुफ्त चाय मिली। इसके लिए एक कंपनी से अनुबंध किया गया है।
स्वच्छ सर्वेक्षण प्रभारी अपर नगर आयुक्त ऋतु सुहास के मुताबिक शहर में रेलवे स्टेशन, बस अड्डो, सिविल लाइंस, चौक, कटरा बाजार, कलक्ट्रेट समेत दस स्थानों पर ‘टी फार क्रैश’ मशीन लगाई जाएगी। शुक्रवार को सिविल लाइंस बस अड्डे पर कचरे के बदले मुफ्त चाय देने वाली मशीन देने वाली मशीन देखने वालों की भीड़ जुटी रही।