करेली में 33केवी क्षमता वाले फीडर पर ओवरलोडिंग के चलते शनिवार को ब्रेक डाउन होने से कई इलाकों की बत्ती गुल हो गई। करीब आठ घंटे तक लगातार बिजली न होने से लोग भीषण गर्मी में बिलबिला उठे। लंबी मशक्कत के बाद रात करीब नौ बजे फाल्ट दुरुस्त हुआ तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
करेलाबाग डिवीजन के करेली फीडर पर दोपहर करीब एक बजे इंसुलेटर में खराबी आने की वजह से ब्रेक डाउन हो गया। इसके बाद से ही जेई, एसडीओ के फोन घनघनाने लगे, लेकिन अभियंताओं ने फोन तक नहीं उठाया। एसडीओ मंगला प्रसाद का फोन को रात तक नहीं उठा।
जबकि एक दिन पहले शुक्रवार को यहां दौरे पर आए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी गोविंद राजू ने किसी भी इलाके में फाल्ट होने पर दो घंटे के भीतर बिजली रिस्टोर कराने का निर्देश दिया था। लेकिन, करेली में दोपहर का फाल्ट रात करीब नौ बजे कल्याणी देवी के एक्सईएन एलपी चक्रवेदी के हस्तक्षेप के बाद दुरुस्त हो सका। इस इलाके में अभियंताओं की उदासीनता से लोगों में गहरी नाराजगी है।