देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के संस्थापक सदस्य आशीष कुमार चौहान को इलाहाबाद विश्वविद्यालय का कुलाधिपति (चांसलर) बनाया है। राष्ट्रपति भवन से बुधवार को उन्हें पांच वर्ष के लिए कुलाधिपति नियुक्त किया गया। आशीष चौहान प्रो. गोवर्धन मेहता का स्थान लेंगे। प्रो. मेहता से पहले दुग्ध क्रांति के जनक वर्गीज कुरियन भी कुलाधिपति के पद पर रह चुके हैं।
आशीष चौहान को इविवि का चांसलर नियुक्त किए जाने का कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि विवि के लिए यह गर्व की बात है कि उसे आशीष कुमार चौहान जैसा वित्तीय मामलों का जानकार मिल रहा है।
उनका कहना है कि विवि उनके निर्देशन में नई मानक स्थापित करेगा। आशीष चौहान को भारत में फाइनेंशियल डेरिवेटिव्स का जनक कहा जाता है। चांसलर की नियुक्ति का विश्वविद्यालय एवं संघटक कॉलेजों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने स्वागत किया है।
आईडीबीआई से की करियर की शुरुआत
आशीष चौहान ने अपने करियर की शुरुआत आईडीबीआई में एक बैंकर के तौर पर की। उन्होंने साउथ एशिया फेडरेशन आफ एक्सचेंज में कार्य किया, इस संगठन में 20 से ज्यादा एक्सचेंज सदस्य हैं। वह यूएन, डब्ल्यूएफई, अंकटाड, ओईसीडी व कॉमनवेल्थ जैसे अनेक संगठनों की ओर से आयोजित सेमिनार और कान्फ्रेंस में विशेषज्ञ के रूप में शामिल होते रहे हैं। इसके अलावा आशीष राजस्व मंत्रालय, एमएसएमई मंत्रालय, सीबीडीटी, आरबीआई व सेबी में सदस्य भी रहे हैं।
करेंसी कमोडिटी, स्टार्टअप के विशेषज्ञ
इविवि के नवनियुक्त कुलाधिपति आशीष कुमार चौहान 2009 से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज से जुड़े। उनके नेतृत्व में करेंसी कमोडिटी, इक्विटी डेरेवेटिव और स्टार्टअप सहित दूसरे क्षेत्रों में विस्तार हुआ। उनके मार्गदर्शन में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज ने दुनिया में धाक जमाई। उनको बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज की राजस्व स्थिति सुधारने का श्रेय जाता है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में मोबाइल स्टॉक ट्रेडिंग की शुरूआत का श्रेय आशीष चौहान को जाता है।
जीते के कई राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार
स्टॉक एक्सचेंज से लेकर देश की अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए आशीष चौहान को कई पुरस्कार मिले। उन्हें डिजिटल आइकॉन ऑफ द ईयर, एशियन बैंकर, टॉप फिप्टी सीईओ इन द वर्ल्ड सहित कई महत्वपूर्ण सम्मान मिले। आशीष चौहान कई महत्वपूर्ण संस्थानों आईआईएम , एजेएनआईएफएम, एनआइटीएस, एनआइआइटी के सदस्य रहे। दुनिया भर के विवि की ओर से उन्हें गेस्ट लेक्चर के लिए बुलाया जाता रहा है। बीएसई के ऊपर लिखी किताब के सह लेखक भी रहे। अपने जीवन पर ‘स्थितप्रज्ञ’ नामक पुस्तक लिखी है।
आईपीएल में मुंबई इंडियन टीम के सीईओ रहे
इविवि के नए चांसलर आईपीएल की मुंबई इंडियंस टीम के सीईओ भी रहे। वह रिलासंस ग्रुप के प्रेसीडेंट और सीईओ के रूप में भी 2000 से 2009 तक सेवा दे चुके हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल में रिलायंस को आईटी, ई कामर्स, पब्लिक रिलेशन, मीडिया टेलीकॉम, स्पोर्ट्स आर्गनाइज्ड रिटेल, आईपीओ, पेट्रोकेमिकल, रिफाइनिंग ऑयल और गैस के क्षेत्र में बड़ी सफलता दिलाई।