मीरगंज/शाही। धनेटा-शीशगढ़ रोड पर बृहस्पतिवार को जुन्हाई गांव के पास थाना इज्जतनगर के हरहरपुर गांव निवासी कन्हई लाल (45) पुत्र तोताराम का शव पड़ा मिला। वह थाना शाही के मिर्जापुर गांव स्थित अपनी ससुराल से लौट रहे थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, शव के पास बाइक के टूटे हुए पुर्जे मिलने से हादसे की भी बात कही जा रही है।
परिजनों ने बताया कि कन्हई लाल अपनी ससुराल गए थे। यहां से अपने साले सूरज को साथ लेकर वह बुधवार को अमोर गांव में बेटी के लिए रिश्ता देखने गए। शाम करीब छह बजे साले-बहनोई मिर्जापुर लौट आए। कुछ देर रुकने के बाद कन्हई लाल अपने घर के लिए रवाना हो गए। देर रात तक वह घर नहीं पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार को दोपहर करीब एक बजे जुन्हाई निवासी कृष्णपाल सिंह ने अज्ञात व्यक्ति का शव सड़क के किनारे पड़े होने की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर हल्का उपनिरीक्षक ओमपाल सिंह पवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
शव की पहचान होने के बाद सूचना परिजनों को दी गई। कन्हई लाल के परिवार में पत्नी लीलावती के अलावा बेटा कौशल और बेटी मीनाक्षी है।
-
सवाल: खाई में कैसे पहुंचा शव
परिजनों ने पुलिस के दावे पर सवाल उठाए है। उनका कहना है कि अगर यह हादसा है भी तो शव सड़क से 15 से 20 फुट दूर खाई में कैसे पहुंचा। टक्कर लगने पर इतनी दूर जाकर गिरना संभव नहीं है। मिर्जापुर से घटनास्थल की दूरी करीब चार किलोमीटर है। कन्हई लाल किसी ने किसी वाहन में बैठकर ही बरेली की ओर जा रहे होंगे। हादसा हुआ तो क्षतिग्रस्त वाहन क्यों नहीं मिला?
वर्जन :
शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर ही मामले में आगे की कार्यवाही होगी। अजय कुमार, सीओ मीरगंज
-
संदिग्ध हालात में युवक की मौत
शाही। थाना क्षेत्र के गांव बड़ा बसाबनपुर में बृहस्पतिवार सुबह 19 वर्षीय लाजपतराय की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने बताया कि लाजपतराय बुधवार को दिल्ली से घर आया था। बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। संवाद