नवाबगंज में दिवाली की शाम मां के साथ खिलौने खरीदने बाजार गई मासूम अचानक लापता हो गई। रात भर तलाश के बाद सोमवार सुबह उसका शव घर से कुछ दूर स्थित नगर पंचायत के तालाब में उतराता मिला। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के जरिये घटना की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
लालगोपालगंज कस्बा के दानियालपुर निवासी जफर अदील खान की चार वर्षीय बेटी सारा खान अपनी मां सतूदा खातून के साथ दिवाली की शाम बाजार गई थी। मां के मुताबिक करीब साढ़े छह बजे हनुमान चौराहे के पास वह एक दुकान से खिलौने खरीद रही थीं। जब वह दुकानदार को पैसे देने लगीं तभी सारा लापता हो गई।
काफी तलाश के बाद बच्ची नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस व ग्रामीणों ने रातभर उसकी खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। सोमवार सुबह करीब छह बजे मां सतूदा अपनी ननद के साथ तलाश करते हुए नगर पंचायत कार्यालय के बगल स्थित तालाब के पास पहुंची। वहां बेटी का शव पानी में उतराता दिखा।
कपड़ों से पहचान होते ही मां की चीख निकल गई। सूचना पर एसीपी सोरांव, इंस्पेक्टर नवाबगंज पंकज अवस्थी सहित क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नगर पंचायत अध्यक्ष मुख्तार अहमद ने परिजनों को ढांढ़स बंधाया। देर रात मासूम को हथिगवां क्षेत्र के आबादी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
छूट गई अंगुली और उजड़ गई दुनिया
मासूम सारा इकलौती संतान थी। दिवाली की खुशियों के बीच वह अपनी मां की अंगुली थामे नए खिलौने खरीदने निकली थी। किसे पता था कि चंद सेकंड के लिए छूटी अंगुली उसे हमेशा के लिए दूर कर देगी। खिलौनों का इंतजार कर रही सारा की विदाई देख हर आंख नम हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मृत्यु बताया गया ह। पुलिस टीमें घटना के खुलासे के लिए लगी हुई हैं। किन परिस्थितियों में बच्ची तालाब तक पहुंची है इसके लिए सीसीटीवी फुटेज से मामले की जांच की जा रही है।-श्यामजीत प्रमिला सिंह, एसीपी सोरांव
लालगोपालगंज- सारा खान की फाइल फोटो।