इस बार प्रयागराज मंडल के कुल 670 केंद्रों में यूपी बोर्ड की परीक्षा आयोजित की जाएगी। सर्वाधिक 285 केंद्र प्रयागराज जिले में बनाए गए हैं, जबकि प्रतापगढ़ में 199, फतेहपुर में 109 और कौशाम्बी में 77 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्र कंट्रोल रूम से ऑनलाइन जोड़ दिए गए हैं, जिससे किसी भी परीक्षा केंद्र की वेबकास्टिंग किसी भी वक्त देखी जा सकती है।
मंडल स्तर पर माध्यमिक विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए क्वालिटी मॉनीटरिंग सेल में पांच टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों ने कुल 47 विद्यालयों का निरीक्षण किया, जिसमें प्रयागराज के 27, प्रतापगढ़ के 10, फतेहपुर के पांच और कौशाम्बी के पांच विद्यालय शामिल हैं। टीमों के सदस्यों ने छात्र-छात्राओं से कई और इस आधार पर विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को कुछ सुझाव भी दिए। कहा गया कि कक्षा में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सहभागिता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
विद्यार्थियों को गणित का आधारभूत ज्ञान दिए जाने का भी सुझाव दिया गया। यह भी कहा गया कि सामान्य अध्ययन विषय के साथ सामान्य व सम सामयिक जानकारी देकर रुचि बढ़ाने का प्रयास किया जाए। इन सुझावों के आधार पर मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अपने विद्यालय में अपेक्षित सुधार के लिए उसकी अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।