इलाहाबाद (ब्यूरो)। ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल खत्म होते ही वाणिज्य कर विभाग टैक्स की चोरी से माल मंगाने वालों के खिलाफ सख्त हो गया है। मंगलवार को विभाग की सचल दल इकाइयों ने कानपुर रोड स्थित एक बड़ी कुरियर कंपनी के कार्यालय पर छापा मारा। यहां टैक्स की चोरी से मंगाया गया तकरीबन 7.50 लाख रुपये का माल पकड़ा गया। कंपनी पर तीन लाख रुपये जुर्माना लगाया गया।
वाणिज्य कर कमिश्नर मुकेश कुमार मेश्राम ने दशहरा और दीपावली के मद्देनजर आने वाले माल की सख्ती से जांच का आदेश दिए हैं। उन्होंने एक से 15 अक्तूबर तक इसके लिए अभियान चलाने को कहा था, क्योंकि इस अवधि में बड़ी मात्रा में कर चोरी से माल आता है, लेकिन एक अक्तूबर से ही ट्रक ऑपरेटरों क ी हड़ताल शुरू हो गई। पांच दिन के बाद हड़ताल खत्म हुई तो मंगलवार को विभाग की सचल दल इकाइयां सक्रिय हो गईं।
एडिशनल कमिश्नर ग्रेट -टू एलबी गुप्ता के निर्देश पर मंगलवार को दिन में सचल दल प्रथम इकाई के असिस्टेंट कमिश्नर (एसी) विवेक मिश्रा, द्वितीय इकाई के एसी धर्मेंद्र कुमार एवं तृतीय इकाई के एसी एके शाह ने एक साथ कानपुर रोड स्थित ब्ल्यूडार्ट कुरियर कंपनी के कार्यालय में छापा मारा। कार्रवाई में तकरीबन सात लाख रुपये का माल पकड़ा गया। इसमें इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स समेत अन्य सामान शामिल हैं। अफसरों से माल से संबंधित प्रपत्र मांगे लेकिन कार्यालय के कर्मचारी प्रपत्र नहीं उपलब्ध करा सके। अफसरों ने मुताबिक पकड़े गए माल पर करीब तीन लाख रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।