इलाहाबाद। अल्लापुर के बाद शुक्रवार को सिविल लाइंस में राम की सवारी चली। श्री सिविल लाइंस रामलीला समिति की ओर से धूमधाम से रामदल
निकाला गया। पताका, बैंडबाजे के बीच पवनपुत्र की अगुवाई में हाथी पर चांदी के हौदे पर सवार हो मर्यादा पुरुषोत्तम राम भक्तों को दर्शन देने निकले। पूरा सिविल लाइंस चकाचौंध रोशनी से जगमगाया और राम के जयकारों से गूंजा। दल में हाथी, घोड़ा ऊंट, बैंडबाजा और कलात्मक चौकियां शामिल हुई। रामबारात, सीता स्वयंवर, शिव परिवार, शिव पूजन के अतिरिक्त एक चौकी से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश भी दिया गया।
नई सजधज वाले सिविल लाइंस में पहली बार निकले दल का आभा और निराली रही। हालांकि हाईकोर्ट हनुमान मंदिर से पत्थर गिरजाघर तक अंधेरा रहा। इससे पहले हाईकोर्ट हनुमान मंदिर पर वेद मंत्रों के बीच भाइयों समेत भगवान राम का पूजन अर्चन हुआ। रामदल हाईकोर्ट चौराहे से सुभाष चौराहा, सरदार पटेल मार्ग, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग से दायें मुड़कर लोहिया मूर्ति के पास पहुंचकर पूरा हुआ। सुभाष चौराहे पर कमिश्नर राजन शुक्ला, डीएम संजय कुमार, एसएसपी जोगिंदर कुमार ने भगवान राम का पूजन अर्चन करके मेले का उद्घाटन किया।
सड़क के दोनों किनारे पर खाने-पीने, गुब्बारे खिलौनों की दुकानें थीं। बच्चों के लिए तरह-तरह के झूले भी थे। मेले में सभी वर्ग के लोग शामिल हुए। दल के साथ अध्यक्ष विनोद चंद्र दुबे, सतीश अरोरा, कुक्की अरोरा, बलबीर कोहली, महंत यादव, रघुनाथ द्विवेदी, सुशील खरबंदा, शिव शंकर सिंह आदि चले। आधी रात के बाद भी मेला क्षेत्र में चहल-पहल रही।
दारागंज का हनुमान दल, मधवापुर बैरहना का रामदल आज
श्रीदारागंज रामलीला कमेटी का हनुमान दल और मधवापुर बैहराना का रामदल शनिवार को निकाला जाएगा। दारागंज रामलीला कमेटी के प्रवक्ता तीर्थराज पांडेय के मुताबिक दारागंज ऐतिहासिक हनुमान दल परंपरानुसार बक्शी त्रिमुहानी से पूजन अर्चन के साथ निकलेगा। दल में हाथी घोड़ा बैंडबाजा के साथ लीला चौकियां शामिल होंगी। बक्शी तिनमुहानी से आरंभ दल शृंगार भवन पहुंचकर पूरा होगा। इससे पूर्व सत्यनारायण के आवास पर रामलीला कमेटी, प्रयागराज सेवा समिति की ओर से काली पात्रों को सम्मानित किया जाएगा।
श्रीरामलीला कमेटी मधवापुर बैरहना का रामदल निम्बार्क आश्रम नया बैरहना से निकलेगा। मुख्य संरक्षक शिवेंद्र मिश्र के अनुसार रामदल निकलने से पहले राम की पूजा होगी।