पार्किंग में खड़ी कार में हुआ ब्लास्ट।
- फोटो : अमर उजाला।
महाकुंभ के लिए झूंसी थाना क्षेत्र स्थित बदरा/सोनौटी गांव के कछार में बनी पार्किंग में खड़ी एक कार में शुक्रवार की आधी रात को ब्लास्ट हो गया। जांच में पता चला कि कार के भीतर छोटा गैस सिलेंडर रखा हुआ था, जिससे यह हादसा हुआ। इसमें सोया एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जिस गाड़ी में हादसा हुआ वह पश्चिम बंगाल की क्रेटा कार थी। इस भीषण हादसे में कार सवार एक युवक जख्मी हुआ था जिसे शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में पश्चिम बंगाल की क्रेटा कार के परखच्चे उड़ गए थे। हादसे से मौके के साथ ही साथ गांव की बस्ती में खलबली मच गई थी।
दरअसल, पश्चिम बंगाल से कुछ श्रद्धालु क्रेटा कार में सवार होकर महाकुंभ में संगम स्नान करने के लिए शुक्रवार को दिन में आए थे। इन्होंने अपनी कार झूंसी के कछार में बदरा/ सोनौटी में खड़ी की थी। कार खड़ी करने के बाद सभी श्रद्धालु पैदल संगम स्नान के लिए चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के मुताबिक, कार में एक छोटा गैस सिलेंडर और चूल्हा भी रखा हुआ था। संगम स्नान से लौटने के बाद सभी ने पार्किग स्थल में ही खाना भी बनाया था। इसके बाद गैस सिलेंडर को कार के भीतर रख दिया गया।