बिहार के गया के रहने वाले दीपक कुमार भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने और देश के हिंदुओं को जागृत करने का संकल्प लेकर 4500 किलोमीटर की पदयात्रा पर निकल गए हैं। उनके एक हाथ में भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा झंडा जबकि दूसरे हाथ में भगवान राम का ध्वज है। तीन फरवरी से उन्होंने गया से अपनी यात्रा आरंभ कर दी है। पहले वह काशी पहुंचे। रविवार को वह प्रयागराज महाकुंभ में पहुंचेंगे। यहां से अयोध्या, ऋषिकेश, हरिद्वार, यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ से चलकर बागेश्वर धाम पहुंचेंगे।
दीपक कुमार ने बताया कि जब बागेश्वर धाम 150 किलोमीटर रह जाएगा तब वह अपनी पदयात्रा का समापन कर देंगे और दंडवत (लेटते हुए) बागेश्वर धाम के दरबार में पहुंचेंगे। हिंदू जागे और भारत हिंदू राष्ट्र बने इस संकल्प को लेकर वह अपनी यात्रा शुरु किए हैं। वह रोज 20 से 30 किलोमीटर तक चलते हैं। रात में सड़क के किनारे किसी मंदिर या आश्रम में विश्राम करते हैं।
सुबह फिर पदयात्रा पर निकल देते हैं। वह कान में ब्लू टूथ लगाकर धार्मिक भजन सुनते और गुनगुनाते हुए लगातार चलते हैं। कहा कि वह बागेश्वर धाम के अनन्य भक्त हैं। वह सोशल मीडिया के माध्यम से तमाम रील्ड और वीडियो बनाकर बागेश्वर सरकार के प्रति अपनी आस्था प्रकट करने में पीछे नहीं रहते हैं।