इलाहाबाद(ब्यूरो)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी राकेश टिकैत ने कहा है कि केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए नए भूअध्यादेश के विरोध में 18 मार्च को नई दिल्ली में महापंचायत बुलायी गई है। आरोप लगाया कि सरकार इस अध्यादेश की आड़ में देश के किसानों के साथ धोखाधड़ी कर रही है। श्री टिकैत भाकियू की ओर से माघ मेला क्षेत्र में आयोजित पंचायत को संबोधित कर रहे थे।
माघ मेला क्षेत्र में आयोजित पंचायत में भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत ने कहा कि फसलों की कीमतें बढ़ने के बजाए घट रही हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। केंद्र सरकार की ओर से आए दिन पेट्रोल एवं डीजल की कीमतें कम की जा रही हैं लेकिन किराए में किसी भी प्रकार की कमी नहीं की जा रही है। कहा कि केंद्र सरकार चुनाव के दौरान किए गए अपने वादों से मुकर रही है।
किसान विरोधी नीतियों बनायी जा रही है जिसे देश का किसान कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। राकेश टिकैत ने किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि वे ज्यादा से ज्यादा तादात मेें 18 मार्च को दिल्ली पहुंचे ताकि सरकार को किसानों की समस्याओं से अवगत कराया जा सके। पंचायत में मंडल अध्यक्ष नूर आलम समेत सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।