BJP workers reached among the Namazis to clear the CAA's misconceptions
- फोटो : CITY DESK
प्रयागराज। नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर फैले तमाम भ्रम को दूर करने के लिए भाजपाई शुक्रवार को हरवारा स्थित एक मस्जिद में पहुंचे। यहां भाजपाइयों ने जुमे की नमाज के बाद मुस्लिमों को सीएए के बारे में विस्तार से जानकारी दी। यहां बताया गया कि सीएए को लेकर कुछ विपक्षी दलों द्वारा भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। जबकि इस अधिनियम से किसी भी मुस्लिम को कोई नुकसान नहीं है। यह कानून सिर्फ तीन पड़ोसी देश से आने वाले अल्पसंख्यकों की सहायता के लिए ही है।
जुमे की नमाज के बाद मौलवी एकरामुल हक अजहरी की मौजूदगी में महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने नागरिकता संशोधन अधिनियम संगोष्ठी में इस अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी। कहा देश का हर नागरिक भाई-भाई है। इस दौरान तमाम लोगों ने उनसे सवाल भी पूछे। सभी सवालों का उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष हतोत्साहित होकर देशद्रोह जैसा कार्य करने के लिए लोगों को प्रेरित कर रहा है। कानून का सत्य जानते हुए भी विपक्ष अनजान बना हुआ है। उसकी सत्यता से समाज का परिचय ना कराते हुए भ्रम की स्थिति उत्पन्न कर तोड़फोड़ की राजनीति विपक्ष द्वारा की जा रही है। इससे देश की संपत्ति एवं व्यक्तिगत संपत्ति का नुकसान हो रहा है। जबकि इस अधिनियम से भारत में निवास कर रहे किसी भी नागरिक को कोई दिक्कत नहीं होने वाली है। उन्होंने कहा कि यह कानून लियाकत और जवाहर लाल नेहरू समझौते के तहत ही बना है। इस अवसर पर शहाबुद्दीन शकील अहमद, मो. नफीस, मो. ईशान, सैफ अली, मो. आमिर, इरशाद, मजहर अली, आशीष गुप्ता, पवन श्रीवास्तव, दीपक कुशवाहा, गिरि बाबा, राजू पाठक, पवन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।