सपा ने अपने परिवार और भाजपा ने सभी वर्ग को आगे बढ़ाने का किया काम
व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता ने बुद्धिजीवी यादव समाज के सम्मेलन में की शिरकत
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने सिर्फ एक परिवार को ही बढ़ाने का काम किया, जबकि भाजपा सभी वर्ग को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। भाजपा की इन्हीं नीतियों की वजह से भगवान श्रीकृष्ण के वंशज कहे जाने वाले यादव समाज के चिकित्सक, शिक्षक, अधिवक्ता, व्यापारी आदि पेशे से जुड़े लोग लगातार भाजपा से जुड़ रहे है। मनीष गुप्ता ने यह बातें रविवार को मुंडेरा स्थित बीआर मेमोरियल पब्लिक स्कूल में भाजपा की ओर से आयोजित बुद्धिजीवी यादव समाज के सम्मेलन में कही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल मनीष गुप्ता ने कहा कि मान, सम्मान, स्वाभिमान के लिए राष्ट्रवाद की मुख्यधारा से जुड़कर नंदवशियो ने भाजपा की सरकार बनाई है। उन्होंने यादव समाज के तमाम बुद्धिजीवियों का जिक्र अपने भाषण में किया। कहा कि भाजपा ने कार्यकर्ता भूपेंद्र यादव की बुद्धि क्षमता कुशलता और योग्यता को देखकर उत्तर प्रदेश का ही नहीं बल्कि महाराष्ट्र का भी प्रभारी बनाया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे भाजपा नेता चंद्रमा सिंह यादव ने कहा कि सपा में यादवों के सिर्फ एक ही परिवार का भला किया। लेकिन भाजपा सबका साथ, सबका विकास मंत्र को लेकर आगे बढ़ रही है। इस दौरान सपा नेता आदेश यादव तमाम सपा कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हुए। सम्मेलन की अध्यक्षता शिक्षाविद विश्वम्भर सिंह यादव ने की। इस अवसर पर व्यापार बोर्ड के सदस्य मुरारी लाल अग्रवाल, रमेश कुमार पांडे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रवीण श्रीवास्तव, प्रोफेसर उमाशंकर यादव, अर्जुन यादव, डा. राजेंद्र सिंह यादव, आलोक यादव ,राकेश यादव, मनोज यादव आदि मौजूद रहे।