इलाहाबाद और फूलपुर संसदीय सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी और केशरी देवी पटेल सोमवार को अपना पर्चा दाखिल करेंगी। दोनों के नामांकन जुलूस के बहाने पार्टी अपना शक्ति प्रदर्शन भी करेगी। ढोल ताशे की थाप और पुष्प वर्षा के बीच दोनों ही प्रत्याशी का संयुक्त जुलूस चंद्रशेखर आजाद पार्क से निकलेगा। इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, केंद्र सरकार की राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, सूबे के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, आशुतोष टंडन आदि भी शामिल रहेंगे। नामांकन जुलूस के पूर्व दोनों ही प्रत्याशी विज्ञान परिषद के सामने एक सभा को भी संबोधित करेंगी।
नामांकन जुलूस की तैयारियों को लेकर भाजपा के दोनों ही प्रत्याशियों के चुनावी कार्यालय में दिन भर हलचल मची रही। नामांकन जुलूस की सफलता को लेकर पार्टी नेताओं ने बैठक कर रविवार को रणनीति भी बनाई। रीता जोशी का नामांकन जुलूस सुबह 10 बजे कल्याणी देवी मंदिर से उठेगा। जो अतरसुइया, कटघर चौराहा, हटिया तिराहा, मुट्ठीगंज, रामभवन चौराहा, बहादुरगंज, लोकनाथ चौराहा, घंटाघर, जानसेनगंज चौराहा, बिजलीघर, हनुमान मंदिर चौराहा होता हुआ चंद्रशेखर आजाद पार्क पहुंचेगी। यहां फूलपुर प्रत्याशी केशरी देवी पटेल और रीता बहुुगुणा जोशी एक ही रथ में सवार होकर कलक्ट्रेट परिसर स्थित नामांकन स्थल पहुंचेंगी।
भाजपा मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव के मुताबिक नामांकन के पूर्व केसरी देवी पटेल और रीता बहुगुणा जोशी अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के उपरांत विज्ञान परिषद के सामने आयोजित सभा में शामिल होंगी। सभा के बाद नामांकन जूलूस इंडियन प्रेस चौराहा, जे एन हॉस्टल, कर्नलगंज सब्जी मंडी, विश्वविद्यालय चौराहा, लक्ष्मी टॉकीज चौराहा होते हुए कलक्ट्रेट परिसर पहुंचेगा। भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला ने बताया कि नामांकन जुलूस में अपना दल की अनुप्रिया भी रहेंगी। इसके अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, आशुतोष टंडन के साथ सभी स्थानीय विधायक, मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी भी मौजूद रहेंगी।
बताया जा रहा है कि दोनों ही प्रत्याशी अपराह्न डेढ़ बजे से तीन बजे के मध्य अपना नामांकन कर देंगी। बैठक में महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता, गंगा पार अध्यक्ष कन्हैयालाल पांडे, विधायक संजय गुप्ता, संयोजक पूर्व विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल, अरुण अग्रवाल, रतन दीक्षित, शशि वार्ष्णेय, अनुपमा पांडेय, विक्रमाजीत भदौरिया, शिवेंद्र मिश्र, श्याम हेला, रवि केसरवानी आदि मौजूद रहे।