यूपी के कैराना में हिंदू परिवारों द्वारा पलायन करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पिछले कई दिनों से यह मामला सुर्खियों में है। यह मामला भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भी उठा। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा विधायक दल की एक टीम बुधवार को कैराना जा रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने इसकी पुष्टि की है।
प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के मुताबिक मथुरा और कैराना में जो हुआ वह प्रदेश सरकार की विफलता का परिणाम है। यह दोनों ही मामले प्रदेश सरकार की विफलता की वजह से हुए। केशव ने कहा कि कैराना से हिंदू परिवारों का पलायन करना चिंता का विषय है। भाजपा इस मामले में गंभीर है। उन्होंने बताया कि भाजपा का विधायक दल सुरेश खन्ना के नेतृत्व में बुधवार को कैराना जा रहा है। नौ सदस्यीय इस टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही इस पूरे प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी। मथुरा प्रकरण पर भी केशव मौर्य ने कहा कि प्रदेश में रक्षक ही सुरक्षित नहीं रह गए हैं। प्रदेश सरकार चाहती ही नहीं है कि इस मामले की सीबीआई जांच हो। प्रदेश की अखिलेश सरकार को सीबीआई जांच से डर है। मुख्यमंत्री जवाब दें कि इस प्रकरण के उन्हें मथुरा जाने में इतना समय क्यों लग गया।