मोरारी बापू पर ‘भाजपा’ का स्टीकर लगी साड़ी बांटने का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
कौशाम्बी के रत्नावली में संत मोरारी बापू की रामकथा के दौरान ‘बीजेपी’ का स्टीकर लगी साड़ियां बांटने के मामले में सियासत गरम हो गई है। सपा नेताओं ने इसे चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का मामला बता शिकायत की।
वहीं आयोजकों ने इस मामले में अपनी सफाई में जिला प्रशासन को दी है। पत्र में लिखा गया कि ‘बीजेपी’ मतलब भाजपा नहीं, बंपर जॉर्जट प्रिंट है। साड़ियों पर किसी पार्टी का प्रचार नहीं बल्कि, कंपनी का नाम दर्ज है।
संत मोरारी बापू की रामकथा के दूसरे दिन रविवार को सदर तहसील के ढेरहा गांव में गरीबों को साड़ियां और पैंट-शर्ट के कपड़े बांटे गए थे। वितरित की गई साड़ियों के ऊपर ‘बीजेपी’ लिखा स्टीकर लगा था।
फोटो व्हाट्सएप पर वायरल होने के बाद सियासी बवंडर मच गया। सपा के इंद्रजीत सरोज ने कथावाचक मोरारी बापू पर पार्टी विशेष के पक्ष में प्रचार करने का आरोप लगाया था।