इलाहाबाद। पीसीएस भर्ती परीक्षा के पेपर लीक और लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष अनिल यादव की बर्खास्तगी की मांग को लेकर भाजयुमो कार्यकर्ता बृहस्पतिवार से क्रमिक अनशन पर बैठ गए। बालसन चौराहा स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा पार्क में बैठे कार्यकर्ताओं के समर्थन में सांसद श्यामाचरण गुप्त, पूर्व मंत्री डॉ नरेंद्र सिंह गौर और काशी प्रांत के महामंत्री प्रभाशंकर पांडे, महानगर अध्यक्ष शशि वार्ष्णेय जैसे बड़े नेता भी पहुंचे। उधर, जिला इकाई की ओर से शुक्रवार को जुलूस निकालने और प्रदर्शन करने की तैयारी पूरे दिन चलती रही। एएन झा हॉस्टल से कचहरी तक जुलूस निकाला जाएगा। भाजपाई आयोग कार्यालय पर भी प्रदर्शन कर सकते हैं।
अध्यक्ष अनिल यादव की तैनाती के बाद से लोक सेवा आयोग की भर्तियों पर सवाल उठाते हुए भाजपाइयों ने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की सबसे बड़ी परीक्षा भी धांधली का शिकार हो गई। पुलिस भर्ती पहले से ही भ्रष्टाचार का शिकार है। क्रमिक अनशन की अगुवाई कर रहे युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष नरसिंह ने कहा कि केंद्र सरकार आयोग की परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने के लिए तैयार है लेकिन प्रदेश सरकार इसका प्रस्ताव नहीं भेज रही है। आयोग अध्यक्ष को प्रदेश सरकार बचाने का प्रयास कर रही है।
डॉ नरेंद्र सिंह गौर ने क्रमिक अनशन पर बैठे नरसिंह, मनीष देव पांडे, चंद्रशेखर ओझा, शानू भट्ट, ओपी द्विवेदी, अभिषेक पांडे, मुकेश सिंह, मनू सिंह, अरुण मिश्रा पिंटू, शशांक शेखर सिंह और अनुपम मिश्रा को फूलमाला पहनाकर अनशन की शुरुआत कराई। इस दौरान कुंज बिहारी मिश्रा, मुरारीलाल अग्रवाल, अमित मालवीय, गणेश केसरवानी, राजीव शुक्ल, रमेश ओझा, रिंकू तिवारी, मोदी जायसवाल, नवाब खान, अभिषेक शुक्ल, रोहित पांडे, संदीप मिश्रा, जय शुक्ल, दीपक द्विवेदी, डॉ श्याम प्रकाश द्विवेदी, ब्रजेश भारतीय आदि मौजूद रहे।