इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रतन लाल हांगलू के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाने वाले भाजपा नेता श्याम प्रकाश द्विवेदी का प्रवेश इविवि परिसर में प्रतिबंधित कर दिया गया है। इविवि प्रशासन ने डीएम, एसएसपी और कमिश्नर को पत्र भेजकर इस निर्णय से अवगत करा दिया है और उनसे आग्रह किया है कि श्याम प्रकाश द्विवेदी का इविवि को किसी भी परिसर में प्रवेश करने से निरुद्ध किया जाए।
कुलपति और एक महिला के बीच आपत्तिजनक बातचीत के कथित ऑडियो के आधार पर भाजपा नेता श्याम प्रकाश द्विवेदी मांग कर रहे हैं कि कुलपति प्रो. हांगलू को इविवि से हटाया जाए। इस मसले पर छात्र संगठन भी कुलपति के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। भाजपा नेता ने कुलपति के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान भी चला रखा है। बुधवार को इस मसले पर भाजपा नेता और इविवि प्रशासन के अफसरों के बीच तीखी नोकझोंक भी हो गई। इस लेकर विश्वविद्यालय परिसर में काफी हंगामा हुआ। मामले में भाजपा नेता श्याम प्रकाश द्विवेदी और छात्र नेता अविनाश दुबे समेत कई अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।
इस घटना के बाद बृहस्पतिवार को चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे ने डीएम, एसएसपी और मंडलायुक्त को पत्र भेजकर श्याम प्रकाश द्विवेदी का इविवि परिसर में प्रवेश प्रतिबंधित किए जाने की सूचना दी। पत्र के माध्यम से पुलिस और प्रशासन के अफसरों को बताया गया है कि श्याम प्रकाश द्विवेदी ने अराजकतत्वों के साथ इविवि परिसर के गेट पर छात्र-छात्राओं से अभद्रता की। साथ ही कुलपति और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की। मना करने पर वाद-विवाद और अपमानित किया और विश्वविद्यालय परिसर में बार-बार आकर ऐसा करने की धमकी दी। ऐसे व्यक्ति को परिसर में आने का कोई अधिकार नहीं है, जो शिक्षकों, कुलपति, छात्र-छात्राओं का सम्मान न कर सके। इसलिए श्याम प्रकाश द्विवेदी का इविवि परिसर में प्रवेश प्रतिबंधित किया जा रहा है।