थाने में हालत बिगड़ने पर ले जाया गया था एसआरएन
प्रयागराज। करेली थाने में हालत बिगड़ने के बाद एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया भाजपा नेता मो. अकरम उर्फ पप्पू सोमवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि वह धोखाधड़ी कर सरकारी जमीन बेचने के मामले में वह वांछित चल रहा था।
अकरम को रविवार शाम पुलिस ने हिरासत में लिया था। जिसके बाद रात में अचानक तबियत बिगड़ने पर पहले उसे कॉल्विन व बाद में एसआरएन अस्पताल ले जाया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया था कि मारपीट के चलते उसकी हालत बिगड़ी। लेकिन पुलिस का कहना है कि अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे पूरी तरह स्वस्थ बताया जिसके बाद सोमवार को उसे मजिस्ट्रेट की अनुमति के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि अकरम पर जुलाई में बहादुरगंज निवासी फरहा नाज ने करेली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उसने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि अकरम ने दो अन्य लोगों संग मिलकर धोखाधड़ी कर उसे सरकारी जमीन बेच दी। बाद में कब्जा न मिलने पर वह तहसील गई तब उसे यह फर्जीवाड़ा पता चला। करेली पुलिस ने बताया कि इस मामले में उसे जेल भेज दिया गया है। उस पर कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं।