प्रयागराज। नगरीय विद्युत वितरण खंड रामबाग के एक्सईएन दफ्तर में शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। एक्सईएन-एसडीओ के साथ धक्कामुक्की और अभद्रता की गई। इस दौरान वीडियो बना रहे लिपिक को पीटा गया और उसका मोबाइल छीन लिया गया। दफ्तर में तोड़फोड़ भी की गई। देर शाम इस मामले में भाजपा नेता श्याम प्रकाश द्विवेदी समेत अज्ञात लोगों के विरुद्ध मारपीट, जान से मारने की धमकी देने व सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई धाराओं में कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
एक्सईएन राम कुमार वर्मा, एसडीओ फोर्ट रोड शुभम मिश्रा व कंप्यूटर आपरेटर नरेंद्र कुमार शुक्ला की ओर से संयुक्त रूप से दी गई तहरीर में भाजपा नेता पर 30 लोगों के साथ दफ्तर में घुसकर धमकाने, अभद्रता व मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। एसडीओ के मुताबिक अल्लापुर क्षेत्र के नया गांव स्थित 630 केवीए क्षमता के ट्रांसफारमर में खराबी आने की वजह से बृहस्पतिवार की रात 10:30 बजे फीडर पर शट डाउन लिया गया था। उसी दौरान भाजपा नेता ने उनको फोन कर आपूर्ति चालू करने के लिए कहा गया। ट्रांसफारमर बदललने के लिए शटडाउन लिए जाने की जानकारी देने पर वह भड़क गए। इसके बाद भाजपा नेता ने कई धमकी भरे संदेश मोबाइल पर भेजे और देख लेने की धमकी दी। शुक्रवार की दोपहर एक बजे वह कई लोगों के साथ रामबाग एक्सईएन के दफ्तर आए। एक्सईएन से कहा कि एसडीओ को तुरंत बुलाओ। एक्सईएन के फोन पर जब वह दफ्तर पहुंचे, तब वहां उनके साथ बदसलूकी की जाने लगी। उस दौरान वहां मौजूद कंप्यूटर आपरेटर नरेंद्र कुमार अपने मोबाइल से घटना की रिकार्डिंग कर रहा था। आरोप है कि भाजपा नेता श्याम प्रकाश ने आपरेटर का मोबाइल छीन कर पटक दिया। उनके साथ आए लोगों ने हंगामा मचाना शुरू कर दी गई। एक्सईएन व एसडीओ के साथ धक्कामुक्की करने के साथ ही कुर्सियां भी तोड़ दी गईं। एसडीओ शुभम ने भाजपा नेता और उनके लोगों की ओर से फिर उन पर हमला किए जाने की आशंका जताई है। उधर, श्याम प्रकाश ने एसडीओ के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि बिजली न होने की शिकायत लेकर वह एक्सईएन कार्यालय गए थे, लेकिन किसी के साथ अभद्रता या मारपीट नहीं की।