पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि देते कैबिनेट मंत्री नंदी।
- फोटो : अमर उजाला।
सुशासन दिवस के रूप में मनी जयंती
पूर्व पीएम अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस के रूप में रविवार को मनाई गई। सांसद केशरी देवी पटेल के नेतृत्व में हुए इस आयोजन में उनके चित्र पर माल्यार्पण आदि के बाद मिष्ठान का वितरण किया गया। सांसद ने भारत रत्न अटल बिहारी साहसिक प्रधानमंत्री बताते हुए उनके द्वारा पोखरण में परमाणु परीक्षण किए जाने के निर्णय की सराहना भी की। इस अवसर पर पूर्व विधायक दीपक पटेल, पवन श्रीवास्तव, चंद्रिका पटेल, सुरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में आरएसएस के प्रयाग दक्षिण के केशव नगर की ओर से सेवा समिति विद्या मंदिर इंटर कालेज में पूर्व पीएम अटल बिहारी एवं भारत रत्न महामना मदन मोहन मालवीय की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर प्रांत सह व्यवस्था प्रमुख राकेश सेंगर, राजेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।
संयुक्त राष्ट्र संघ को हिंदी में संबोधित करने वाले पहले नेता थे अटल : नंदी
सूबे के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने पूर्व पीएम की जयंती के अवसर पर मुट्ठीगंज मंडल के रोटरी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी संयुक्त राष्ट्र संघ को हिंदी में संबोधित करने वाले पहले नेता थे। वह एक कवि, लेखक, पत्रकार, राजनेता, स्वतंत्रता सेनानी और दूरदर्शी व बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। इस अवसर पर महानगर उपाध्यक्ष अनिल केसरवानी झल्लर, मुट्ठीगंज मंडल अध्यक्ष किशोरी लाल जायसवाल आदि मौजूद रहे।
पूर्व पीएम के निर्णयों की हुई सराहना
पूर्व पीएम अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती के मौके पर सरस्वती पार्क, मुल्ला का हाता कालोनी में आयोजित कार्यक्रम में उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल में लिए गए साहसिक निर्णयों की सराहना की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल डा. नरेंद्र कुमार सिंह गौर ने अटल बिहारी जी से जुड़े तमाम संस्मरण साझा किए। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष वीपी श्रीवास्तव, भाजपा नेता कुश श्रीवास्तव, अवधेश चंद्र गुप्ता, भोला तिवारी, आशुतोष श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में भाजपा नेता अविनाश दुबे के नेतृत्व में रविवार को जयंती के मौके पर राजापुर हनुमान मंदिर में सुंदर कांड का पाठ करवाने के बाद प्रसाद का वितरण करवाया गया। इस अवसर पर विजय मिश्रा, डा. प्रशांत पांडेय, अजय मिश्रा आदि मौजूद रहे।