थाना क्षेत्र के निरौधा गांव के पास बुलेट की टक्कर से बाइक सवार पति की मौत हो गई। जबकि पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।परिजनों की शिकायत पर बुलेट के नंबर के आधार पर उसके मालिक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। बताया जा रहा कि बाइक सवार युवक और उसकी पत्नी ने हेलमेट नहीं पहना था।
करछना थाना क्षेत्र के हर्रई गांव के झल्लर भारतीया (40) पत्नी माधुरी देवी के साथ खुजी गांव निवासी शिव लाल भारतीया के घर निमंत्रण में गए थे। मंगलवार को वह बाइक से खुजी से अपने घर हर्रई जा रहे थे। जैसे ही निरौधा गांव के पास पहुंचे थे कि कौंधियारा से जारी की तरफ तेज रफ्तार जा रहे बुलेट सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को सीएचसी कौंधियारा भिजवाया। डॉक्टर ने दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भिजवाया। परिजनों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने झल्लर को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, घायल माधुरी देवी के दाएं पैर की हड्डी टूट गई। उसका एसआरएन हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर बुलेट स्वामी आशीष सिंह के नाम मुकदमा दर्ज किया गया है। झल्लर मजदूरी करता था। परिवार में तीन बेटे मुकेश भारतीया, राजेश भारतीया, राकेश भारतीया हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।